न तो रात का खाना मिला, ना कोई मदद, स्विगी के तीन बार ऑर्डर कैंसिल करने पर कोलकाता में महुआ मोइत्रा का छलका दर्द...
कोलकाता, न्यूज। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की फायरब्रांड नेता और लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने स्विगी द्वारा तीन बार ऑर्डर कैंसिल किए जाने पर नाराजगी जताई है। महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर स्क्रीनशॉट करके अपना विरोध दर्ज कराते हुए इस घटनाक्रम को रिपोर्ट किया है।
महुआ मोइत्रा ने लिखा है कि नमस्ते स्विगी यह तीसरी बार है जब आपने बिना किसी ठोस कारण के मेरा ऑर्डर कैंसिल कर दिया। महुआ मोइत्रा ने स्विगी के आधिकारिक हैंडल को टैग करके लिखा है कि मुझसे पूरे बिल की रकम 1457 रुपये कैंसिलेशन फीस के तौर पर वसूल ली। न तो रात का खाना मिला और न ही किसी से कोई मदद।
स्विगी ने दिया महुआ मोइत्रा को जवाब
ताजा मामले में महुआ मोइत्रा ने कोलकाता के Arsalan नाम के रेस्टोरेंट से स्विगी के जरिए खाना ऑर्डर किया था। महुआ मोइत्रा के भूखे रहने और मदद नहीं मिलने का मामला एक्स पर उठाए जाने के बाद कमेंट की बाढ़ आ गई है। इस बीच स्विगी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए जवाब साझा किया है।
स्विगी ने लिखा है कि महुआ हम पूरी तरह समझते हैं कि यह कितना निराशाजनक हो सकता है। हम आपसे तुरंत संपर्क कर रहे हैं। हम आपके साथ ऑर्डर कैंसलेशन और उससे जुड़े चार्जेज की समीक्षा करेंगे और बिना किसी देरी के समाधान निकालने की दिशा में काम करेंगे।
महुआ मोइत्रा ने एक्स पर लोगों के कमेंट के बीच लिखा है कि मैंने कैंसिल नहीं किया। मैं इंतजार करती रही। उन्होंने बिना किसी वजह के कैंसिल कर दिया और मुझे ईमेल भेजकर कहा कि वे मुझसे पूरा पैसा वसूल रहे हैं।
पिछली बार मिली थी खराब आइसक्रीम
यह पहला मौका नहीं है जब महुआ मोइत्रा को स्विगी ऑर्डर करने पर परेशानी का सामना करना पड़ा है। इससे पहले पिछले साल जनवरी में महुआ मोइत्रा ने डिलीवरी में खराब आइसक्रीम मिलने की शिकायत की थी। तब महुआ मोइत्रा ने एक्स पर स्विगी से आइसक्रीम डिलीवरी को बदलने या रिफंड देने की मांग की थी, क्योंकि उनके अनुसार आइसक्रीम खराब और खाने लायक नहीं थी।
तब उस समय स्विगी ने कुछ घंटों बाद ही उनकी चिंता पर तुरंत जवाब दिया था। उनके एक्स पोस्ट के जवाब में कंपनी ने लिखा था कि महुआ, यह जानकर दुख हुआ कि आपको अपने ऑर्डर में समस्या आ रही है। कृपया ऑर्डर नंबर शेयर करें। हम इसकी जांच करेंगे। तब महुआ मोइत्रा ने 10 आइटम के लिए ऑर्डर की कीमत 1220 रुपये दिए थे।