Headlines
Loading...
अरविंद केजरीवाल का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, फास्ट ट्रैक कोर्ट के ऐलान को बताया दिखावा; नीयत पर उठाए सवाल...

अरविंद केजरीवाल का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, फास्ट ट्रैक कोर्ट के ऐलान को बताया दिखावा; नीयत पर उठाए सवाल...

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने नीट (NEET) परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर एक के बाद एक कई तीखे हमले किए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए केजरीवाल ने पेपर लीक मामलों पर फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के प्रधानमंत्री के ऐलान, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, सीबीआई (CBI) की भूमिका और जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा बलों की तैनाती पर गंभीर सवाल खड़े किए।

पीएम के ऐलान और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर उठाए सवाल

अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री द्वारा पेपर लीक मामलों के निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाने के ऐलान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस बयान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह वक्तव्य एक हारे हुए और दिशाहीन लेकिन अहंकारी व्यक्ति का प्रतीत होता है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि "धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का क्या हुआ?"

नीट पेपर लीक और सीबीआई की कार्यशैली पर आरोप

नीट-2024 पेपर लीक मामले के आरोपी को लेकर केजरीवाल ने सरकार और सीबीआई की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जिसे 'मास्टरमाइंड' बताकर गिरफ्तार किया था, उसके खिलाफ सीबीआई ने जानबूझकर समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं की। इसी ढिलाई की वजह से आरोपी को तीन महीने में ही ऑटोमैटिक जमानत मिल गई और अब उसे क्लीन चिट दे दी गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की नीयत में खोट है और उनसे यह काम नहीं हो पाएगा।

देश के युवाओं को सलाम और जंतर-मंतर की सुरक्षा पर जताई चिंता

देशभर में आवाज उठा रहे छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए आप संयोजक ने कहा कि जिस बुलंदी और साहस के साथ युवाओं ने अत्याचारों का सामना किया है, उसने पूरे देश को जगाने का काम किया है। इसके साथ ही, राजधानी में जंतर-मंतर के पास कनॉट प्लेस की सभी दुकानों को शाम 6:30 बजे बंद कराने के आदेश, भारी सुरक्षा बल और एम्बुलेंस की मौजूदगी पर केजरीवाल ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने आशंका जताते हुए सवाल पूछा कि क्या सरकार आज फिर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे बच्चों पर बर्बर कार्रवाई करने जा रही है?