Headlines
Loading...
अब डबल रोल में धमाल मचाएंगे अरशद वारसी, डार्क कॉमेडी और सस्पेंस का मिलेगा तगड़ा डोज, जानें कब रिलीज होगी फिल्म...

अब डबल रोल में धमाल मचाएंगे अरशद वारसी, डार्क कॉमेडी और सस्पेंस का मिलेगा तगड़ा डोज, जानें कब रिलीज होगी फिल्म...

Jeevan Bheema Yojana: अरशद वारसी एक बार फिर ऐसे किरदार के साथ दर्शकों के सामने लौट रहे हैं, जो उनकी अब तक की फिल्मों से बिल्कुल अलग माना जा रहा है। अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और दमदार अभिनय के लिए मशहूर अभिनेता इस बार फिल्म 'जीवन भीमा योजना' में पहली बार डबल रोल निभाते नजर आएंगे। डार्क कॉमेडी, क्राइम, सस्पेंस और ड्रामा का मिश्रण बनी यह फिल्म एक ऐसे आम आदमी की कहानी है, जिसकी जिंदगी एक हमशक्ल के आने से पूरी तरह बदल जाती है। मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ अंत तक रोमांच में भी बांधे रखेगी।

इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

'जीवन भीमा योजना' 28 अगस्त 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है क्योंकि इसमें कॉमेडी और थ्रिलर का ऐसा मेल देखने को मिलेगा, जो हाल के वर्षों में कम ही देखने को मिला है. मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म मनोरंजन पसंद दर्शकों के लिए एक अलग अनुभव साबित होगी।

पहली बार डबल रोल में नजर आएंगे अरशद वारसी

इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत अरशद वारसी का डबल रोल है. वह एक तरफ 'जीवन' के रूप में कर्ज में डूबे एक साधारण और ईमानदार इंसान का किरदार निभा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर 'भीमा' नाम के एक खतरनाक हमशक्ल के रोल में दिखाई देंगे. दोनों किरदारों की अलग-अलग सोच, स्वभाव और परिस्थितियां फिल्म की कहानी को लगातार नए मोड़ देती हैं।

दमदार स्टारकास्ट बढ़ाएगी कहानी का रोमांच

फिल्म में अरशद वारसी के साथ संजीदा शेख अहम भूमिका निभा रही हैं. वह 'योजना' के किरदार में नजर आएंगी, जो तेज-तर्रार और चालाक महिला है तथा कहानी की कई अहम घटनाओं की सूत्रधार बनती है. वहीं विजय राज 'विनायक' के रहस्यमयी किरदार में दिखाई देंगे, जिसके पास कई ऐसे राज हैं जो पूरी कहानी की दिशा बदल सकते हैं. इनके अलावा पूजा चोपड़ा, बिजेंद्र काला और दिवंगत अभिनेता अतुल परचुरे भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

आम आदमी की कहानी में छिपा है बड़ा सस्पेंस

फिल्म की कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जो आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा होता है. उसकी जिंदगी तब बदल जाती है जब उसकी मुलाकात अपने ही चेहरे वाले एक खतरनाक इंसान से होती है. हालात और लालच दोनों मिलकर उसे ऐसे फैसले लेने पर मजबूर कर देते हैं, जिनके बाद घटनाएं तेजी से उलझती चली जाती हैं. झूठ, धोखा, अपराध और हास्य का यह मिश्रण कहानी को लगातार दिलचस्प बनाए रखता है।

निर्देशक ने बताया क्या है फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण ?

निर्देशक अभिषेक डोगरा के अनुसार, यह सिर्फ एक डार्क कॉमेडी नहीं बल्कि आम लोगों की भावनाओं और कमजोरियों को दिखाने वाली कहानी है। उन्होंने कहा कि फिल्म यह बताती है कि एक छोटा सा झूठ किस तरह जिंदगी को पूरी तरह बदल सकता है। उनके मुताबिक, अरशद वारसी ने दोनों किरदारों में इतना अलग अंदाज दिखाया कि शूटिंग के दौरान पूरी टीम भी कई बार हैरान रह गई।