Headlines
Loading...
वाराणसी के स्कूल में बच्चे की प्रताड़ना पर मुख्य सचिव को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भेजा नोटिस...

वाराणसी के स्कूल में बच्चे की प्रताड़ना पर मुख्य सचिव को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भेजा नोटिस...

नईदिल्ली, न्यूज एजेंसी। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने वाराणसी के एक निजी स्कूल में पांच वर्षीय छात्र को प्रताड़ित करने के मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव और वाराणसी पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है।

आयोग की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। आयोग ने बताया कि 28 जुलाई की मीडिया रिपोर्ट्स में घटना की जानकारी दी गई थी, जिसका आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। 

रिपोर्ट्स के अनुसार, वाराणसी के एक निजी स्कूल में पांच वर्षीय बच्चे के पैंट में लघुशंका करने पर शिक्षक भड़क गया था। आरोप है कि शिक्षक बच्चे को कथित तौर पर स्कूल की रसोई में ले गया और गर्म चाकू से प्राइवेट पार्ट को दाग दिया। 

आरोप है कि शिक्षक ने बच्चे को धमकाया था कि अगर उसने माता-पिता को बताया तो उसे और कड़ी सजा दी जाएगी। 

आयोग ने कहा है कि मासूम बच्चे को इस तरह प्रताड़ित करना अमानवीय कृत्य है।

आयोग की कार्रवाई

आयोग ने मुख्य सचिव और वाराणसी पुलिस आयुक्त से दो सप्ताह के भीतर इस मामले की पूरी जानकारी और की गई कार्रवाई पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

असम सरकार से रिपोर्ट तलब

आयोग ने एक अन्य मामले में, असम सरकार और पुलिस को नोटिस जारी कर रिपोर्ट तलब की है। यह नोटिस कछार जिले में एक धातु प्रसंस्करण फैक्टरी में 26 जुलाई को धमाके से चार श्रमिकों की मौत और दो के घायल होने के मामले में जारी किया गया है।