वाराणसी के पिंडरा में पट्टीदारी के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली सनसनी...
(पिंडरा) वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझवा गांव में गुरुवार की रात लगभग सवा नौ बजे पट्टीदारी की पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। पट्टीदारों ने 22 वर्षीय युवक को सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
मझवा गांव निवासी लालू सिंह का 22 वर्षीय पुत्र सौरभ सिंह गुरुवार रात करीब सवा नौ बजे अपने घर के बाहर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान पट्टीदार रिशु सिंह ने उसे अपने पास बुलाया और सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सौरभ लहूलुहान होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल सिंधोरा के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि सौरभ सिंह और उसके पट्टीदार रिशु सिंह व बबलू सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब पखवाड़े पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और दुर्व्यवहार की घटना हुई थी, जिसके बाद से दोनों परिवारों में तनाव बना हुआ था।
सूचना पर पहुंची सिंधोरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पट्टीदारी विवाद का है। आरोपित घटना के बाद अपनी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
सिंधोरा पुलिस ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।