आज दोपहर काशी टोल प्लाजा पर सपाइयों का हमला, भाजपा कार्यकर्ताओं पर चढ़ाई कार, और फायरिंग दागी, पुलिस कर रही तलाश...
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर सोमवार दोपहर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत कार्यक्रम में आए कुछ भाजपाइयों पर सपा से जुड़े युवकों ने हमला कर दिया।उन पर कार चढ़ा दी और फायरिंग कर दी। हमले में भाजपा कार्यकर्ता बाल बाल बचे। वारदात अंजाम देकर आरोपी गाजियाबाद की ओर फरार हो गए।
वहीं, पीड़ित श्वेतांक त्यागी और उनके साथी मनीष ने परतापुर थाने में तहरीर दी है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और विरोध जताया। श्वेतांक को पैर में चोट भी आई है। घटना की वीडियो भी वायरल हो रही है, जो पुलिस को दी गई है।
जागृति विहार निवासी श्वेतांक त्यागी और भावनपुर के हसनपुर निवासी मनीष तोमर दोनों प्रॉपर्टी कारोबारी हैं और भाजपा कार्यकर्ता है। सोमवार को श्वेतांक और मनीष दोनों ही थार में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के स्वागत के लिए परतापुर में काशी टोल प्लाजा पहुंचे थे। इस दौरान करीब 400-500 भाजपाई मौजूद थे। स्वागत के बाद रोहित मिश्रा का काफिला निकल गया।
गाजियाबाद की ओर भागे हमलावर
श्वेतांक त्यागी और मनीष तोमर का आरोप है कि इसी दौरान सपा से जुड़े राहुल अधाना निवासी मवाना, प्रवीण शर्मा निवासी खुर्जा और अवनीश गुर्जर निवासी सकौती मवाना कार से पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। बताया कि पहले तो मनीष की कार को टक्कर मार दी और फिर गाली गलौज करने लगे। आरोपियों ने श्वेतांक पर भी कार चढ़ाने का प्रयास किया।
इस दौरान श्वेतांक के पैर में चोट आई। आरोपियों ने फायरिंग भी की और गाजियाबाद की ओर फरार हो गए। इसके बाद श्वेतांक और मनीष साथियों के साथ परतापुर थाने पहुंचे और पूरा घटनाक्रम बताया। मनीष तोमर ने बताया कि राहुल और प्रवीण ने उससे कुछ समय पूर्व रंगदारी मांगी थी और विवाद हुआ था। तभी से रंजिश चली आ रही है।
राहुल अधाना ने की थी फायरिंग
श्वेतांक ने राहुल अधाना पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। फायरिंग के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई। मनीष तोमर का आरोप है कि आरोपी जाते समय धमकी देकर गए कि इस बार बच गया, अगली बार नहीं बचेगा। घटना की सूचना मिलते ही परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
गाजियाबाद और दिल्ली में तलाश
पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। घटना के बाद आरोपी गाजियाबाद की ओर फरार हुए थे। इसलिए गाजियाबाद और दिल्ली में संभावित जगहों पर भी तलाश की जा रही है।
मेरठ एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया, काशी टोल पर स्वागत समारोह में आए लोगों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद फायरिंग हुई। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है और कार्रवाई कराई जाएगी।