प्रयागराज से वाराणसी, प्रतापगढ़, कौशांबी, कोरांव रूट पर अनुबंधित इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल शुरू, समय सारिणी शीघ्र जारी होगी...
प्रयागराज/वाराणसी न्यूज। डग्गामार बसों पर नकेल कसने के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने अब निजी इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े को भी जोड़ना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में प्रयागराज से कोरांव, कौशांबी, वाराणसी, प्रतापगढ़, रूट पर ट्रायल शुरू कर दिया गया है। अभी इन बसों की समय सारिणी नहीं जारी हुई है, इन्हें केवल ट्रायल के रूप में चलाया जा रहा है। यात्रियों की मांग और ट्रैफिक को देखते हुए इन इलेक्ट्रिक बसों की समय सारिणी तय की जाएगी।
विभिन्न रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का किराया
प्रयागराज से काेरांव का किराया 128 रुपये तय किया गया है। जबकि प्रयागराज से प्रतापगढ़ के लिए 141 रुपये किराया निर्धारित है। निजी आपरेटरों द्वारा चलाए जाने वाली इन बसों को लेकर स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया बेहतर मिल रही है, लेकिन अभी नियमित संचालन न होने से यह बसें किस रूट पर चलेंगी अभी यह तय नहीं हो पा रहा है।
रूट, किराया व समय सारणी जल्द तय होगी
त्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रयागराज आरएम रविंद्र कुमार ने बताया कि जल्द रूट, किराया और समय सारिणी तय कर दी जाएगी और उसी अनुरूप लीडर रोड डिपो द्वारा बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वातानुकूलित यह बसें पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचाती, जबकि इनकी आरामदायक सीटें और इंटीरियर राजर्षि यात्रा का एहसास कराता है।
बदलेगी शहर की परिवहन व्यवस्था
शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल (इको-फ्रेंडली) बनाने के लिए 50 इलेक्ट्रिक बसें चरणबद्ध तरीके से दिसंबर तक प्रयागराज आनी हैं। ये सभी 50 बसें 12 मीटर श्रेणी की होंगी। यह बसें ग्रास कास्ट कांट्रैक्ट (जीसीसी) माडल पर चलने वाली 1725 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का हिस्सा होंगी। निजी आपरेटरों द्वारा 12 वर्षों तक बसों का संचालन और रखरखाव किया जाएगा। सरकार द्वारा 12 मीटर की बस पर 40 लाख रुपये और नौ मीटर की बस पर 35 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
परिवहन निगम की 29 व 50 सिटी बसें संचालित
वर्तमान में परिवहन निगम की कुल 29 बसें सड़कों पर दौड़ रही हैं। वहीं, सिटी बस के रूप में 50 बसों का संचालन पहले से ही शहर के विभिन्न रूटों पर हो रहा है। शहर में बढ़ती आबादी और यात्रियों की मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में प्रयागराज को 28 नई बसों का एक बड़ा बेड़ा निगम द्वारा संचालित बेडे में शामिल होगा। जबकि 50 बसों का आवंटित अतिरिक्त नया बेड़ा निजी आपरेटरों के जरिए निगम की देखरेख में चलाया जाएगा। जिसमें दो बसें प्रयागराज पहुंच चुकी हैँ।