रामपुर में बाइक पर सवार हो मायके जा रही थी नवविवाहिता; आधी राह कूद फरार हो प्रेमी संग भागी..पूरी घटना जानिए...
रामपुर, न्यूज। उत्तर प्रदेश के रामपुर से पति, पत्नी और वो का एक अलग ही मामला सामने आया है। मामले में सामने आया है कि नवविवाहिता अपने पति के साथ बाइक पर मायके जा रही थी। इसी दौरान पूर्व नियोजित योजना के तहत बीच चौराहे पर उसने चलती बाइक से छलांग लगा दी। पति और महिला का भाई कुछ समझ पाते इससे पहले ही वह प्रेमी की बाइक पर सवार होकर फरार हो गई। बीच सड़क पर हुए इस वोल्टेज ड्रामे को देखकर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित पति ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस में की है। पिछले दिनों बरेली में 44 दिनों बाद पति की लाश मिलने के बाद रामपुर की इस घटना का जिक्र खूब हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के मोहम्मदनगर शुमाली गांव से सामने आया है। गांव के युवक की शादी करीब 6 माह पहले उत्तराखंड के उधम सिंह नगर के गणेशपुर की युवती से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच सबकुछ सामान्य था। नवविवाहिता भी अपने ससुराल में थी। उसके मायके जाने की बात शुरू हुई। शनिवार की सुबह युवती का सगा भाई उसे लेने उसके ससुराल पहुंचा था। विवाहिता को ससुराल छोड़ने की बात शुरू हुई। तय हुआ कि पति उसे छोड़ने जाएगा। शनिवार की शाम यात्रा का समय निर्धारित किया गया। हंसी-खुशी तीनों गणेशपुर के लिए निकले थे।
मुरसैना चौराहे पर कूदी युवती
गणेशपुर जाने के लिए युवती, उसका भाई और पति तीनों एक ही बाइक से निकले थे। बाइक जैसे ही अजीमनगर के मुरसैना चौराहे पर पहुंची, अचानक युवती कूद गई। उसका प्रेमी पहले से वहां मौजूद था। चौराहे पर वह अपनी बाइक स्टार्ट करके रखा था। जैसे ही युवती पति की बाइक से कूद कर उसकी बाइक पर बैठी। प्रेमी उसे लेकर फरार हो गया।
पत्नी के कूदने से पति की बाइक डगमगा गई। उसने खुद और साले को संभालते हुए सड़क के किनारे बाइक खड़ी की। दोनों शोर मचाते रह गए और पत्नी एवं उसका प्रेमी वहां से गायब हो गए। दोनों ने दौड़ भी लगाई, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा।
पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित पति अपने साले को लेकर स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचा। वहां उसने पूरी वारदात बताई। इसके बाद लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले में अजीमनगर थाना प्रभारी दयाशंकर सिंह ने कहा कि मोहम्मदपुर शुमाली गांव के एक युवक ने बाइक से कूदकर पत्नी के भागने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस चौराहे के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जल्द ही विधिक कार्रवाई होगी।