वाराणसी के शिवपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में आज तीसरे तल से गिरी पुलिस कर्मी की पत्नी ने अस्पताल में तोड़ा दम...
वाराणसी। शिवपुर थाना अंतर्गत विवेक पुरम कॉलोनी में बुधवार की सुबह करीब 8:00 बजे एक पुलिसकर्मी की 37 वर्षीय पत्नी संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरे तल से गिर गई। स्थानीय नागरिकों और अन्य किरायेदारों ने तुरंत उसे भरलाइ स्थित आक्टीविया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया।
दीनदयाल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने विवाहिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदौली पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात कमलेश कुमार राय मूल रूप से थाना कोतवाली जनपद बलिया के निवासी हैं। वह पिछले चार माह से शिवपुर थाना क्षेत्र के विवेक पुरम कॉलोनी में अपनी पत्नी सुनीता चौधरी और कक्षा 5 में पढ़ रहे पुत्र सक्षम के साथ राम तिवारी के मकान में किराए पर रह रहे थे।
आसपास के लोगों ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 8:00 बजे सुनीता चौधरी अचानक तीसरे तल से नीचे गिर गई। लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति कमलेश कुमार ने बताया कि वह चंदौली पुलिस लाइन से नाइट ड्यूटी करके सुबह 8:00 बजे लौट रहे थे, तभी पड़ोसियों ने उन्हें फोन करके घटना की सूचना दी। उन्होंने आशंका व्यक्त की कि हो सकता है उनकी पत्नी छत पर कपड़ा सुखाने गई हों और इसी दौरान वह गिर गईं।पुलिस घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और स्थानीय लोग इस मामले की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने सभी संभावित बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए मामले की जांच को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है। पुलिस ने सभी संबंधित पक्षों से जानकारी एकत्रित करना शुरू कर दिया है ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।