Headlines
Loading...
सुना तो बहुत था, देखा तो यकीन हुआ, काशी पहुंच काशी विश्वनाथ दर्शन कर भावुक हुए बोमन ईरानी, दो दिवसीय दौरे पर है काशी में...

सुना तो बहुत था, देखा तो यकीन हुआ, काशी पहुंच काशी विश्वनाथ दर्शन कर भावुक हुए बोमन ईरानी, दो दिवसीय दौरे पर है काशी में...

वाराणसी, न्यूज। बॉलीवुड अभिनेता बोमन ईरानी इन दिनों दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए और काशी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक विरासत को करीब से जाना.अभिनेता ने कहा कि उन्होंने काशी के बारे में बहुत कुछ सुना था, लेकिन इस बार जो अनुभव मिला, वह उनकी कल्पना से कहीं अधिक खास और अद्भुत है।

बाबा विश्वनाथ के दरबार में की पूजा-अर्चना

शुक्रवार सुबह बोमन ईरानी श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने पूरे विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया. पूजा के दौरान उन्होंने वैदिक मंत्रों का शुद्ध उच्चारण किया, जिसकी मौजूद लोगों ने सराहना की. मंदिर में वैदिक परंपरा के अनुसार उनकी पूजा संपन्न कराई गई।

गंगा क्रूज से निहारे 84 घाट

वाराणसी पहुंचने के पहले दिन अभिनेता ने गंगा में क्रूज यात्रा की और 84 घाटों की भव्यता का आनंद लिया. इसके साथ ही उन्होंने शहर के कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने की कोशिश की।

बनारसी टमाटर चाट का लिया स्वाद

काशी भ्रमण के दौरान बोमन ईरानी ने शहर के प्रसिद्ध व्यंजनों का भी स्वाद लिया. उन्होंने बनारसी टमाटर चाट की तारीफ करते हुए कहा कि यहां का खान-पान भी अपनी अलग पहचान रखता है. इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर बनारस की संस्कृति और परंपराओं के बारे में भी जानकारी ली।

आदि केशव और लाट भैरव मंदिर में भी टेका माथा

अभिनेता ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अलावा आदि केशव मंदिर और लाट भैरव मंदिर में भी दर्शन-पूजन किया. इस दौरान उन्हें काशी के धार्मिक महत्व, पौराणिक इतिहास और यहां की परंपराओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कल्पना से कहीं ज्यादा खास है काशीबोमन ईरानी ने कहा,काशी के बारे में पहले सिर्फ इतना जानते थे कि यहां बाबा विश्वनाथ का मंदिर, काल भैरव और प्रसिद्ध चाट है. लेकिन इस बार शहर को करीब से देखने का मौका मिला. यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा, इतिहास और संस्कृति ने मुझे बेहद प्रभावित किया।

सात साल बाद तीसरी बार पहुंचे वाराणसी

बोमन ईरानी इससे पहले भी दो बार वाराणसी आ चुके हैं। हालांकि, पिछली यात्राओं में उन्हें बाबा विश्वनाथ के दर्शन का अवसर नहीं मिला था। करीब सात साल बाद तीसरी बार काशी पहुंचकर उन्होंने बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया, जिसे उन्होंने अपने लिए बेहद सौभाग्यपूर्ण अनुभव बताया।