आज सुबह रोहनिया में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार महिला की मौत...
वाराणसी, न्यूज। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के रोहनिया थाना क्षेत्र के मोहनसराय-कनेरी गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा उसका भतीजा बाल-बाल बच गया, जबकि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतका की पहचान भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र स्थित उगापुर गांव निवासी गुलप्शा बेगम (32) पत्नी नवाजशरीफ के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुलप्शा बेगम बीमारी के उपचार के लिए सोमवार सुबह अपने भतीजे खुर्शीद आलम के साथ बाइक से वाराणसी के लोहता स्थित एक चिकित्सक के यहां जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक मोहनसराय-कनेरी गांव के गेट के सामने हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के दौरान बाइक का हैंडल ट्रक के किनारे में फंस गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में बाइक चला रहा खुर्शीद आलम छिटककर दूर जा गिरा और सुरक्षित बच गया, जबकि गुलप्शा बेगम सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना पर पहुंची रोहनिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रोहनिया थाना प्रभारी के अनुसार, फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला जा रहा है। शीघ्र ही चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।