Headlines
Loading...
नवोदय विद्यालय में 14 मोबाइल जब्त होने पर मचा हड़कंप! जांच कमेटी को सौंपे जाएंगे फोन, छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तलवार...

नवोदय विद्यालय में 14 मोबाइल जब्त होने पर मचा हड़कंप! जांच कमेटी को सौंपे जाएंगे फोन, छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की तलवार...

बीसलपुर (पीलीभीत), न्यूज। नवोदय विद्यालय में हंगामा करने वाले छात्रों पर विद्यालय प्रशासन की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई की तैयारी तेज कर दी गई है। मामले में प्राचार्य प्रतिभा चौधरी की ओर से पहले ही दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई थी। अब छात्रों से जब्त किए गए 14 मोबाइल फोन जांच कमेटी को सौंपे जाएंगे।

ग्राम शिवपुरी नवदिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में हास्टल के अंदर पकड़े गए 14 प्रतिबंधित मोबाइल फोन छात्रों के लिए परेशानी बन गए हैं। प्राचार्य ने जब्त फोन अपने पास रख लिए हैं, वह जांच कमेटी को सौंपेंगी। अध्ययनरत कक्षा 10वीं, 11वीं व 12वीं के विद्यार्थीयों के कक्षा में प्राचार्य प्रतिभा चौधरी ने विद्यालय में प्रतिबंधित मोबाइल फोन चेक करवाए थे।

इस दौरान छात्र हास्टल के एक कक्ष में बंद हो गए थे। प्राचार्य ने दरवाजा खुलवाकर चेकिंग कराई थी तो छात्रों के पास 14 प्रतिबंधित मोबाइल फोन पकड़े गए थे। इसके वाद छात्र उग्र हो गए थे। छात्रों ने शिक्षकों द्वारा पिटाई करने का आरोप लगाया था। छात्र शाम चार बजे के आसपास विद्यालय से बाहर निकल आए थे और पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया था।

दिल्ली स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के केंद्रीय मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर प्रदेश जवाहर नवोदय विद्यालय के सहायक आयुक्त डाॅ. बीके सिंह व जवाहर नवोदय विद्यालय शाहजहांपुर के उप प्राचार्य ऋषि पाल के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की जांच सौंपी। शनिवार को टीम ने विद्यालय पहुंचकर गोपनीयता से इस मामले की जांच की थी।

प्राचार्य ने बताया कि जांच अभी चल रही है। पांच जुलाई तक पति के अस्वस्थ होने के कारण अवकाश पर हैं। लौटने पर विद्यालय में मेरठ की कंपनी से वाईफाई लगवा कर छात्रों को टेबलेट वितरित किए जाएंगे। प्रतिबंधित मोबाइल फोन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने छात्रों की पिटाई करने के आरोप को निराधार बताया। फिलहाल प्रतिबंधित मोबाइल पकड़े जाने से छात्रों की बेचैनी बढ़ गई है। उन्हें अनुशासनात्मक कार्यवाही होने का डर सता रहा है। हंगामा के पांच दिन बाद भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई है।

डीएम ने एसडीएम से ली प्रकरण की जानकारी

जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने एसडीएम नागेंद्र पांडे से प्रकरण की जानकारी ली है। शिक्षकों द्वारा छात्रों की पिटाई कर प्रताड़ित किए जाने के गंभीर आरोप लगने से जिलाधिकारी सजग हैं। स्थिति को शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्राचार्य को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।