कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में धमाका से दहला मनौरी बाजार, 5 की मौत और 22 घायल; आस-पास के कई घर जमींदोज; कई लोग दबे...
प्रयागराज,"केसरी न्यूज 24"रिपोर्ट। मनौरी स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में सोमवार दोपहर आग लग गई। पटाखों के धमाके इतने शक्तिशाली थे कि आसपास के कई घर भी जमींदोज हो गए। कई लोगों के दबे होने की सूचना मिल रही है।
पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां वहां पहुंचीं और फायरकर्मी आग बुझाने में जुट गए। आग पूरी तरह से बुझने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल पांच लोगों के मरने और 22 लोगों के घायल होने की सूचना है।
घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। बताया जाता है कि दोपहर 12 बजे से एक घंटा तक विस्फोट हुआ। अचानक पटाखों में धमाके से आसपास के ग्रामीण दहल उठे। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।
बताया जाता है कि जिस घर में पटाखे में आग लगी, पास ही बूंदी कारखाना में पांच और आटा चक्की में छह लोग मौजूद थे। धमाका काफी देर बाद तक होता रहा। वहीं बुलडोजर बुलाकर मलबे को साफ कराया जा रहा है। बाद में कौशांबी के डीएम और एसपी ने भी वहां पहुंचकर जायजा लिया।
बताया गया है कि पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में बस्ती से कुछ दूर पर एक मकान में पटाखा बनाया जाता था। उस मकान के ऊपर से ही बिजली के तार गुजरे हैं। सोमवार दोपहर अचानक उस मकान से धुआं उठने लगा। यह देख गांव वाले उस पर भागे तो एक-एक करके पटाखा फूटने लगा।
पटाखे की आवाज से ग्रामीणों में खलबली मच गई। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। खबर मिलते ही पूरामुफ्ती, पिपरी थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए निकल चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि अगर फैक्ट्री में कोई काम कर रहा था तो उसे नुकसान पहुंचा होगा।
एसीपी धूमनगंज रवि गुप्ता ने बताया कि टीम मौके पर पहुंच रही है। आग बुझने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं, कुछ साल पहले भरवारी में भी पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से तीन लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे।
नोट- इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए "केसरी न्यूज 24" मीडिया नेटवर्क के साथ।