वाराणसी के मध्यमेश्वर वार्ड से सपा पार्षद भइया लाल यादव को थाना चेतगंज पुलिस ने महिला पर दबाव बनाने के मामले में आज किया गिरफ्तार...
वाराणसी, न्यूज। वाराणसी के मध्यमेश्वर वार्ड से समाजवादी पार्टी के पार्षद भइया लाल यादव को थाना चेतगंज पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। एक विधवा महिला ने पार्षद पर गंभीर आरोप लगाते हुए चेतगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
चेतगंज थाना के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने कहा कि पार्षद भइया लाल यादव को बीएनएस की धारा 78(2) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक विधवा महिला ने उनके विरुद्ध शिकायत दर्ज कराते हुए बताया था कि पार्षद लगातार महिला को फोन करते हैं, बात नहीं करने पर खुदकुशी करने की धमकी देते हैं। महिला पर बात करने का दबाव बनाते हैं। महिला तंग आकर थाने पहुंची और आप बीती बतायी है। इसके बाद पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की गई और प्रारंभिक जानकारी में महिला के आरोप सही पाये गए।
विधवा महिला ने पुलिस को बताया कि करीब आठ वर्ष पहले पिता की तबीयत खराब थी। पार्षद भइया लाल यादव ने उन्हें आर्थिक मदद दी थी। इसके बाद पार्षद का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। पार्षद उससे फोन पर बातचीत करने लगे और उनकी नीयत साफ नहीं दिखती थी। वह लगातार फोन पर बात करने का दबाव बनाते थे।