सिद्धू मूसे वाला को जैसे मारा..वैसे ही अंकित की भी हत्या कर गए बदमाश, काला राणा गैंग शक के दायरे में...
शामली, क्राइम न्यूज। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या को बदमाशों ने पंजाब के चर्चित सिद्धू मूसे वाला हत्याकांड की तर्ज पर पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने शार्प शूटर आए थे, जिनकी संख्या चार बताई जा रही है और वे दो बाइकों पर सवार थे।उनके पास आधुनिक पिस्टल थे।
बदमाश हत्याकांड को अंजाम देने के बाद अलग-अलग रास्ते से फरार हुए। पुलिस को बदमाशों की लोकेशन लोनी के पास मिली है। दिल्ली और लोनी पुलिस से भी आरोपितों को पकड़ने में मदद ली जा रही है।
बदमाश हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सड़क पर पड़े शव का वीडियो भी बनाकर ले गए। जिम के सामने स्थित नाला पटरी मार्ग संकरा होने के कारण बदमाशों ने अपनी दोनों बाइक एमएसके रोड पर वर्मा मार्केट के पास खड़ी की थी।
अंकित बालियान जैसे ही जिम से निकलकर अपनी गाड़ी में बैठने लगे, जिसका ड्राइवर साइड दीवार की तरफ था। घात लगाए चारों शार्प शूटरों ने उन्हें घेर लिया और सभी ने गोलियां बरसाईं जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। कुछ गोली अंकित को तो कुछ गाड़ी में लगी। कुछ दीवारों में भी लगी।
घटना को अंजाम देकर चारों बदमाश पैदल ही तेजी से भागकर मुख्य रास्ते पर खड़ी बाइक तक पहुंचे। इसके बाद दोनों बाइकों पर दो-दो बदमाश अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।
एक बाइक शहर के अंदरूनी रास्ते से होकर निकली, जबकि दूसरी बाइक हनुमान धाम की तरफ से होते हुए आगे बढ़ी। पुलिस सर्विलांस टीम को बदमाशों की आखिरी लोकेशन गाजियाबाद के लोनी बार्डर के पास मिली है।काला राणा और लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े तार, पंजाब-हरियाणा की मिक्स गैंग पर शक
हत्याकांड के तार हरियाणा के कुख्यात शार्प शूटर गैंग काला राणा से जुड़ते नजर आ रहे हैं, जो लारेंस बिश्नोई गैंग के लिए भी काम कर चुका है। पुलिस को संदेह है कि इस घटना में पंजाब और हरियाणा की मिक्स गैंग के शूटर शामिल हो सकते हैं।
हालांकि, घटना के कई घंटे बाद भी किसी आपराधिक गैंग ने आधिकारिक तौर पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस काला राणा गैंग समेत कई अन्य संदिग्ध गिरोहों और पुरानी रंजिश के बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीजी मेरठ जोन ने एसटीएफ को भी राजफाश में शामली पुलिस की मदद के लिए लगाया गया है। देर रात एसटीएफ की टीम शामली पहुंच गई थी।