भाई-बहन के प्यार से जवानों के सम्मान तक !!! जम्मू-कश्मीर में ऐसे मना रक्षाबंधन, तस्वीरों में देखें खूबसूरत पलों का गुलदस्ता...
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम के साथ सामाजिक समरसता, भाईचारे और देशभक्ति के रंग में भी नजर आया। जम्मू के बाड़ी ब्राह्मणा में आरएसएस स्वयंसेवकों ने शाखा से लेकर सेवा बस्ती और सेना के जवानों तक रक्षासूत्र बांधकर राष्ट्रभाव का संदेश दिया।
वहीं जम्मू के बाल आश्रम में बच्चियों ने वहां रह रहे बच्चों की कलाई पर राखी बांधकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इसके अलावा श्रीनगर के शंकराचार्य मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर रक्षाबंधन मनाया, जबकि बच्चियों ने सुरक्षाबलों के जवानों को राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान जताया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बाड़ी ब्राह्मणा नगर द्वारा रक्षाबंधन उत्सव के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में आत्मीयता, सामाजिक समरसता, भाईचारे एवं राष्ट्रभाव को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत शाखा में रक्षाबंधन उत्सव से हुई, जहां स्वयंसेवकों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इसके पश्चात स्वयंसेवकों ने सेवा बस्ती में घर-घर जाकर रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन मनाया तथा सामाजिक एकता, समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में भारतीय सेना के जवानों को रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन मनाया गया। इस दौरान देश की सीमाओं की रक्षा में समर्पित वीर जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की गई।
जम्मू में रक्षाबंधन के अवसर पर बाल आश्रम की बच्चियों ने वहां रह रहे बच्चों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और प्रेम का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध शंकराचार्य मंदिर में दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने ऐतिहासिक मंदिर में पूजा-अर्चना और विशेष अनुष्ठान कर भगवान का आशीर्वाद लिया और श्रद्धा व भक्ति के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
श्रीनगर स्थित प्रसिद्ध शंकराचार्य मंदिर में बच्चियों ने सुरक्षावलों को राखी बांधी।
सीमा जन कल्याण समिति के सदस्यों और छात्राओं ने अरनिया बोर्डर पर बीएसएफ जवानों की कलाई पर राखियां बांधी।
ऑक्ट्राई पोस्ट सुचेत गढ़ पर रक्षा बंधन कार्यक्रम में बीएसएफ जवानों को राखियां बांधती स्कूली बच्चियां।
छायांकन प्रस्तुति :: केसरी न्यूज 24 मीडिया