वाराणसी में कान्हा की मूर्ति चोरी होने के वियोग में बिटिया ने छोड़ा घर, परिजनों में मचा हड़कंप...
वाराणसी, न्यूज। बुआ के घर रह रही अग्रसेन कालेज की परास्नातक की छात्रा ने कान्हा की मूर्ति चोरी होने के वियोग में घर छोडकर चली गई। छात्रा घर से कालेज के लिए निकली थी। परिजन बिटिया के देर शाम तक नहीं लौटने पर परेशान होकर खोजबीन की और उसके मोबाइल पर फोन मिलाया तो घंटी घर में बजने लगी।
मोबाइल के पास ही एक पत्र मिला, जिसमें बिटिया ने लिखा था कि मैं अपने कान्हा की मूर्ति चोरी होने से दुखी हूं और घर छोड़कर जा रही हूं। कान्हा ही नहीं होंगे तो मैं जीवित रहकर क्या करूंगी? पीड़ित परिवार ने चोलापुर थाना में बेटी के लापता होने की तहरीर दी है।
चौबेपुर निवासी एक युवती अपने मामा के यहां चोलापुर में रहकर अग्रसेन कालेज से परास्नातक कर रही है। पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार युवती के भाई ने बताया कि उसकी बहन चोलापुर थाना क्षेत्र स्थित बुआ के घर रहती थी। 21 अगस्त को वह कालेज जाने के लिए घर से निकली थी।
परिजन के मुताबिक धरसौना बाजार से अग्रसेन कालेज जाने के लिए आटो में बैठी थी। देर शाम तक जब बिटिया घर नहीं लौटी तो परिजन पता किए तो परेशान हो उठे। इसलिए कि बिटिया अपने घर भी नहीं पहुंची थी। कालेज व परिचितों के यहां पता किया लेकिन नतीजा सिफर रहा। परिवार को युवती का पत्र मिला, जिसमें उसने कान्हा से दूरी के कारण मानसिक परेशानी और परिवार को लेकर अपनी भावनाएं लिखी हैं।
पत्र में उसने अपने परिजन के बीच विवाद और अपनी परेशानी का जिक्र करते हुए खुद को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। चोलापुर पुलिस तहरीर मिलने के साथ बिटिया की तलाश में जुट गई है।