वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध मौत, आज सुबह पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला शव, पुलिस कर रही है जाँच...
वाराणसी, चौबेपुर सुसाईड केस। चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव में शनिवार की सुबह दो बच्चों की मां विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में पंखे की कुंडी में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होने पर मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने भी पहुंचकर जांच-पड़ताल की। नरायनपुर गांव निवासी ठेकेदार जय श्री चौहान के पुत्र विकास की पत्नी पूजा (25) ने शनिवार की सुबह घर में पंखे की कुंडी में साड़ी का फंदा लगाकर जान दे दी। बताया गया कि पूजा की करीब पांच वर्ष पूर्व गाजीपुर जनपद में शादी हुई थी। करीब दो वर्ष पूर्व उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था। दोनों बच्चे अभी छोटे हैं।
घटना के समय घर में उसकी सास और ननद मौजूद थीं, जबकि पति विकास किसी काम से बाहर गया हुआ था। बताया गया कि विकास घर पर ही काम करता है। पूजा का मायका गाजीपुर के रामपुर सिधौना गांव में है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके वालों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। विवाहिता ने आत्महत्या क्यों की, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ के साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।