कानपुर का रबाडा गैंग, निर्वस्त्र कर पीटते थे फिर वर्चस्व के लिए करते थे वीडियो वायरल, पुलिस ने पकड़कर निकाला डेढ़ किमी. जुलूस...
कानपुर, न्यूज। बर्रा पुलिस ने युवक को निर्वस्त्र करके बेल्ट और जूतों से पीटने व वीडियो प्रचलित करने के आरोपित रबाडा गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों का शास्त्री चौक से सचान चौराहे तक करीब डेढ़ किमी लंबा जुलूस निकाला। इस दौरान ढोल-डुगडुगी बजवाई गई और आरोपित कान पकड़कर रोते हुए माफी मांगते रहे। कहते रहे कि अब दोबारा किसी के साथ मारपीट नहीं करेंगे, माता-पिता की बात मानकर काम करेंगे।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंशू गौतम और अंश सिंह राठौर उर्फ अंशू डिफाल्टर के रूप में हुई है। इससे पहले 28 जुलाई को मुख्य आरोपित दिव्यांश पनवाड़ी और उसके साथी आयुष द्विवेदी को गिरफ्तार कर उनका भी जुलूस निकाला गया था। दोनों अन्य आरोपित फरार चल रहे थे, जिन्हें मंगलवार को गिरफ्तार किया गया है। घटना नौ जून की है।
पीड़ित बर्रा-आठ गुजैनी वरुण विहार निवासी अमन सिंह के अनुसार, दिव्यांश पनवाड़ी, यशू, विशू पंडित और आयुष द्विवेदी ने शराब पार्टी के लिए पांच हजार रुपये मांगे थे। इंकार पर आरोपितों ने उसे बर्रा विश्वबैंक आई ब्लाक स्थित पार्क में सरकारी स्कूल के पीछे ले जाकर निर्वस्त्र करके बेल्ट, लात-घूंसों से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त सक्षम शर्मा के साथ भी मारपीट की।
विशू ने घटना का वीडियो बनाया, जिसे 24 जुलाई को वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से इंटरनेट पर प्रचलित कर दिया, जिसको संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया है कि रबाडा गैंग स्कूल और कालेज जाने वाले छात्रों को निशाना बनाकर उनसे मारपीट और जबरन वसूली करता था। गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।