सोनीपत में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, सीएम उड़नदस्ते की छापामारी में भारी मात्रा में बारूद बरामद; एक अरेस्ट...
सोनीपत, क्राइम न्यूज। सोनीपत के गांव रोहट में रिहायशी इलाके के बीच किराये के कमरे में अवैध तरीके से बम-पटाखे बनाने का मामला सामने आया है।मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कमरे से बड़ी मात्रा में तैयार सुतली बम, गोला बम, विस्फोटक सामग्री और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।मौके से कुल 3 किलो 750 ग्राम पोटाशियम क्लोराइड बरामद हुआ।
एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज
कमरे में आग से बचाव के लिए कोई सुरक्षा उपकरण भी नहीं मिला। कार्रवाई के दौरान टीम ने बाबा कॉलोनी के रहने वाले पवन को पकड़ा है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत थाना सदर पुलिस ने पवन के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को बीती रात सूचना मिली थी कि रोहट में एक व्यक्ति किराये का कमरा लेकर अवैध तरीके से बम-पटाखे बना रहा है। सूचना के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और फायर विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम में सब फायर आफिसर विनोद कुमार के साथ निरीक्षक रोहताश सिंह, एएसआई राजेश कुमार और महिला कांस्टेबल सीमा शामिल थीं। टीम गांव रोहट में सतीश के मकान पर पहुंची। यहां पवन मौके पर मिला। उसकी मौजूदगी में कमरे का निरीक्षण किया गया तो वहां पटाखे बनाने और उनमें विस्फोटक सामग्री भरने का सामान मिला।
कमरे में तैयार मिले सैकड़ों सुतली बम
जांच के दौरान कमरे से पांच हाइड्रो सुतली बम, तीन बड़े सुतली बम, 35 नाल के गोले बम और 715 सुतली बम बरामद किए गए। बरामद सुतली बम बिना मार्का और बिना बत्ती के थे।
इसके अलावा 553 अखबार के रोल मिले, जिनमें पोटाशियम क्लोराइड भरा हुआ था। कमरे से करीब 20 इंच लंबी और दो सेंटीमीटर की लोहे की नाल और पोटाशियम क्लोराइड से भरी एक प्लास्टिक पन्नी भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार प्लास्टिक पन्नी में मिले पोटाशियम क्लोराइड का वजन कराया गया, जो कुल तीन किलो 750 ग्राम था।
किराए पर कमरा लेकर बना रहे थे अवैध बम-पटाखे
पूछताछ में पवन ने बताया कि उसने गांव रोहट के सतीश का मकान प्रतिमाह 1500 रुपये किराये पर लिया हुआ है। इसी मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में वह बम-पटाखे तैयार कर रहा था।
संयुक्त टीम ने पवन से बरामद सामग्री को रखने और पटाखे बनाने से संबंधित लाइसेंस और फायर विभाग से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका। टीम को कमरे में आग से बचाव के लिए कोई अग्निशमन उपकरण भी नहीं मिला। ऐसे में रिहायशी इलाके में विस्फोटक सामग्री रखकर पटाखे तैयार किए जाने से आसपास के लोगों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए।
पुलिस ने लिए विस्फोटक सामग्री के नमूने
मौके पर पहुंची थाना सदर पुलिस ने बरामद पोटाशियम क्लोराइड में से 150-150 ग्राम के दो नमूने अलग किए। दोनों नमूनों को प्लास्टिक डिब्बों में डालकर सीलबंद किया गया। शेष तीन किलो 450 ग्राम पोटाशियम क्लोराइड को प्लास्टिक जार में रखा गया।
वहीं, बरामद बम-पटाखों और अखबार के रोल को अलग-अलग प्लास्टिक कट्टों में डालकर सीलबंद किया गया। सभी पुलिंदों को पुलिस की मोहर से सील कर नमूना मोहर तैयार की गई और बरामद सामान को सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया।
धमाके से बच्चे सहित तीन की हो चुकी है मौत
खरखौदा के रिढाऊ गांव में 28 सितंबर, 2024 की सुबह अवैध रूप से घर के अंदर चल रही पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में एक बच्चे व दो महिलाओं की जान चली गई थी, जबकि फैक्ट्री मालिक की बेटी सहित नौ लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हादसे में पूरा मकान भी भर भराकर धराशायी हो गया था। यह फैक्ट्री गांव के अंदर ही अवैध रूप से संचालित की जा रही थी।
तीन साल पहले पोटाश मकान में हो गया था विस्फोट
अक्टूबर, 2023 में शहर के शांति विहार में घर में रखे गंधक व पोटाश में आग लगने से धमाका हो गया था। आग से कमरे में आधी जली मेज, प्लास्टिक की जली हुईं कुर्सियां, दो संदूक, लोहे की चारपाई, कपड़े व अन्य सामान जला मिला था। साथ ही बिजली की फिटिंग जली हुई थी। कमरे की दीवारों पर काला धुआं जमा हुआ था। कमरे में और ज्वलनशील पदार्थ होने के चलते रोहतक से बम निरोधक दस्ता बुलवाया गया।
जांच में 11 किलो 400 ग्राम गंधक और 200 ग्राम पोटाश बरामद किया गया था। मामले में आरोपी इरफान पर मामला भी दर्ज किया गया था। आरोपी ने दिवाली पर बेचने के लिए गंधक व पोटाश लेकर आने की बात कही थी।
मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित कितने समय से इस कमरे में पटाखे तैयार कर रहा था, तैयार किए जा रहे बम-पटाखों की सप्लाई कहां की जानी थी और इस काम में उसके साथ और कौन-कौन शामिल थे।
- ASI राजेश कुमार, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ।।