आज श्रीलंका पहुंची टीम इंडिया, इस दिन खेलेगी पहला टेस्ट; जानें पूरा शेड्यूल...
क्रिकेट ब्यूरो, केसरी न्यूज 24। भारतीय क्रिकेट टीम का अगला मिशन लंका फतह है। टीम इंडिया श्रीलंका में दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंच गई है। भारतीय टीम सबसे पहले श्रीलंका इलेवन के साथ 7 अगस्त से तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी।
भारत के श्रीलंका दौरे की असली शुरुआत 15 अगस्त को पहले टेस्ट मैच के साथ होगी। भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय के अनुसार यह मैच सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
इसके बाद भारत और श्रीलंका के बीच 23 अगस्त से कोलंबो में दूसरा टेस्ट मैच खेला जाएगा। यह मैच भी भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया श्रीलंका पहुंच चुकी है। मंगलवार को भारतीय टीम श्रीलंका पहुंची। गौर करने वाली बात यह रही कि 15 में 14 भारतीय खिलाड़ी ही श्रीलंका पहुंचे हैं। अनफिट साई सुदर्शन अभी भारत में ही हैं।
बीसीसीआई ने बताया था कि सीरीज में सुदर्शन और जसप्रीत बुमराह का खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। बुमराह फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर सके और भारतीय बोर्ड ने आकिब नबी को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर स्क्वॉड में शामिल कर दिया है।
श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम-
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन (खेलना फिटनेस पर निर्भर)*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आकिब नबी।।
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज शेड्यूल
3 दिन का वॉर्मअप मैच 07 अगस्त से: भारत बनाम श्रीलंका XI पहला टेस्ट: 15 से 19 अगस्त (2026), गाले इंटरनेशनल स्टेडियम, गाले दूसरा टेस्ट: 23 से 27 अगस्त (2026) सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो ।।