Headlines
Loading...
काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव दरबार में सेवा पूजा करने जा रहे पुजारी को पुलिस ने रोका, पुजारियों में है नाराजगी...

काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव दरबार में सेवा पूजा करने जा रहे पुजारी को पुलिस ने रोका, पुजारियों में है नाराजगी...

वाराणसी, न्यूज 19 अगस्त। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव मंदिर में बुधवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब सेवापूजा के लिए मंदिर जा रहे उपमहंत व पुजारी अविनाश पांडेय उर्फ कल्लू महाराज को सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने रोक दिया। पुजारी और दरोगा के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना को लेकर पुजारियों में नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, उपमहंत अविनाश पांडेय दोपहर की पाली में बाबा कालभैरव मंदिर में सेवा-पूजा के लिए जा रहे थे। उस समय मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ थी और पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। इसी दौरान पुजारी भीड़ के बीच से मंदिर की ओर जाने लगे तो ड्यूटी पर तैनात दरोगा ने उन्हें रोक दिया।

पुजारी का आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मी को बताया कि वह मंदिर के पुजारी हैं और नियमित रूप से बाबा की सेवा-पूजा के लिए आते हैं। इसके बावजूद उन्हें मंदिर में जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसको लेकर दोनों के बीच काफी देर तक बहस हुई। वीडियो में पुजारी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वे मंदिर के पुजारी हैं और हर पारी में बाबा की सेवा के लिए आते हैं, जबकि पुलिसकर्मी भीड़ का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने से रोकता दिखाई देता है।

विवाद के दौरान मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। बाद में पुजारी ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। उन्होंने वीडियो को पुलिस कमिश्नर, प्रधानमंत्री कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय को भी टैग किया है।

उपमहंत अविनाश पांडेय का कहना है कि मंदिर के महंत और पुजारी को अपने ही मंदिर में सेवा-पूजा करने से नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा कालभैरव की आरती, श्रृंगार और पूजा की सेवा उनका परिवार वर्षों से करता आ रहा है। ऐसे में सेवापूजा के लिए मंदिर जाने से रोका जाना उचित नहीं है। 

फिलहाल, घटना को लेकर मंदिर प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।