1 अक्टूबर से महंगे होंगे AC-TV, फ्रिज समेत दूसरे अप्लायंसेज ! कितनी बढ़ सकती हैं कीमतें, कहां मिलेगा पुराना स्टॉक? जानें...
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली, ब्यूरो| एक अक्टूबर से एसी, एलईडी, टीवी, वॉशिंग मशीन और दूसरे कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स की कीमतें बढ़ सकती हैं। कई कंपनियां अक्टूबर से 5-8% तक कीमत बढ़ाने की तैयारी में हैं। इसकी वजह कॉपर, स्टील, एल्युमिनियम, प्लास्टिक, क्रूड ऑयल से जुड़े उत्पाद और फ्रेट कॉस्ट का बढ़ना बताया जा रहा है। यह 2026 में इंडस्ट्री की तीसरी कीमत बढ़ोतरी होगी।
1 अक्टूबर से क्या-क्या हो सकता है महंगा?
* एयर कंडीशनर (AC)- करीब 5-8% तक बढ़ोतरी की संभावना।
* एलईडी टीवी (LED TV)- कुछ कंपनियों में 2-3% से लेकर करीब 7% तक बढ़ोतरी।
* वॉशिंग मशीन- कुछ कंपनियां करीब 2-4% तक कीमत बढ़ा सकती हैं।
* रेफ्रिजरेटर- कुछ कंपनियों में 3-4% तक बढ़ोतरी की संभावना।
* दूसरे होम अप्लायंसेज- इनकी कीमतों पर भी इनपुट कॉस्ट बढ़ने का असर पड़ सकता है।
AC की कीमत पर सबसे ज्यादा दबाव
एयर कंडीशनर की कीमतों में बढ़ोतरी सबसे ज्यादा नजर आ सकती है। ब्लू स्टार के मुताबिक एसी और डीप-फ्रीजर की कीमतें पहले ही 5-8% बढ़ चुकी हैं। कंपनी ने कहा है कि युद्ध और कमोडिटी की बढ़ती कीमतों से कॉपर, स्टील और प्लास्टिक महंगे हुए हैं।
गोदरेज इंटरप्राइजेज ग्रुप के बिजनेस हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट कमल नंदी के मुताबिक,कमोडिटी की कीमतों में पिछली बढ़ोतरी के बाद 8-10% तक इजाफा हुआ है। ऐसे में अलग-अलग कंपनियां 5-7% तक कीमत बढ़ा सकती हैं। हालांकि, हर कंपनी बढ़ोतरी एक ही तारीख से लागू नहीं करेगी।"
हायर इंडिया (Haier India) 1 अक्टूबर से रूम AC की कीमत करीब 5% बढ़ाने की योजना में है। कंपनी LED TV और वॉशिंग मशीन की कीमतों में भी 2-3% की बढ़ोतरी की पुष्टि कर चुकी है। कंपनी के मुताबिक, अक्टूबर से जनवरी के बीच कुल कीमत करीब 15% तक बढ़ सकती है। इसमें अक्टूबर में 5%, दिसंबर के आसपास 5% और जनवरी में 5% की संभावित बढ़ोतरी शामिल है।"
कॉपर महंगा होने का सीधा असर
हायर इंडिया के मुताबिक, कॉपर की कीमत पिछले साल करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर करीब 14,500 डॉलर (copper price impact AC) हो गई है। एक एसी में करीब 3-4 किलो कॉपर इस्तेमाल होता है। डैकिन (Daikin) भी 16 सितंबर से AC की कीमतों में 8-10% बढ़ोतरी कर चुकी है। कंपनी के मुताबिक कॉपर की कीमत करीब 25-35% बढ़ी है। एलजी और बॉश होम कंफर्ट (Bosch Home Comfort) जो हिताची ब्रांड के AC बेचती है, ने भी करीब 5% कीमत बढ़ाई है।
TV और वॉशिंग मशीन भी नहीं बचेंगे
कीमतों का दबाव सिर्फ AC तक सीमित नहीं है। कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और LED TV की कीमतों में करीब 3-4% बढ़ोतरी कर रही हैं। सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स, जो भारत में थॉमसन और कोडक जैसे TV ब्रांड बनाती और बेचती है, अक्टूबर के बाद TV की कीमत करीब 7% बढ़ाने की योजना में है। कंपनी के मुताबिक उसके अप्लायंसेज की कीमतें पहले ही 4-5% बढ़ चुकी हैं।
पुराने दाम पर कैसे मिल सकता है सामान?
दिलचस्प बात यह है कि कीमत बढ़ने के बावजूद फेस्टिव सीजन में ग्राहकों को कुछ सामान पुराने दाम पर मिल सकता है। इसकी वजह डीलर्स के पास पहले से मौजूद पुराना स्टॉक है। गोदरेज के मुताबिक, डीलर्स के पास करीब एक से डेढ़ महीने तक चलने वाला पुराना स्टॉक मौजूद है। यानी दीवाली तक कुछ प्रोडक्ट पुराने दाम और ऑफर के साथ मिल सकते हैं। नए दाम का असर दीवाली के बाद ज्यादा साफ दिख सकता है।"
हालांकि, कंपनियों का कहना है कि अगर कॉपर, कमोडिटी और फ्रेट लागत का दबाव बना रहा तो दीवाली के बाद कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। पैनासॉनिक, फिलहाल स्थिति का आकलन कर रही है और उसने कीमत बढ़ाने पर अंतिम फैसला नहीं किया है।