आज सुबह वाराणसी के लोहता क्षेत में 16 साल के छात्र और बुजुर्ग को कुचलकर भागा ट्रक, सिर के ऊपर से गुजरा पहिया, लोगों ने किया घेराव...
वाराणसी रोड एक्सीडेंट न्यूज। वाराणसी के लोहता में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो साइकिल सवारों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हादसा इतना भीषण था कि उसका पहिया दोनों के सिर के ऊपर से गुजर गया और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग लोहता थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव कर नारेबाजी की।
फल लेकर मंडी से घर लौट रहे थे उमर
मृतकों की पहचान लोहता थाना क्षेत्र के भट्टी निवासी छेदी फल वाले उर्फ उमर (60) और राशिद जमाल पुत्र अनवारुल हक (16) के रूप में हुई है। उमर फल का कारोबार करते थे और चौराहे पर ठेला लगाकर फल बेचते थे। रोज की तरह शनिवार सुबह वह साइकिल से फल खरीदने मंडी गए थे। वहां से केला और अन्य फल लेकर घर लौट रहे थे। महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने पहुंचने पर वह हादसे की चपेट में आ गए। घटनास्थल उनके घर से करीब 800 मीटर दूर बताया गया है।
घूमने निकला था 16 वर्षीय राशिद
दूसरा मृतक राशिद जमाल अलावह की बड़ी मस्जिद के पास रहता था और छात्र था। शनिवार सुबह वह साइकिल लेकर घर से निकला था और घूमते हुए महाजन इंटरनेशनल फैक्ट्री के सामने पहुंचा। इसी दौरान अकेलवा की ओर से चांदपुर की तरफ जा रहे ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के बाद चालक ट्रक समेत वहां से भाग निकला। पुलिस ने आसपास के लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर ट्रक के आने-जाने की दिशा के बारे में जानकारी जुटाई।
कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव
हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बाद में लोहता थाने गए। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव करते हुए नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक व चालक की तलाश में जुटी है।