Headlines
Loading...
'शादी कर नहीं रहे थे, अब मेरी तलाश मत करना', जिसे 2 दिन तक तलाशा, वो बॉयफ्रेंड संग फरार, नोटबुक से खुला राज...

'शादी कर नहीं रहे थे, अब मेरी तलाश मत करना', जिसे 2 दिन तक तलाशा, वो बॉयफ्रेंड संग फरार, नोटबुक से खुला राज...

गोरखपुर, न्यूज। यूपी के गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 15 साल की एक किशोरी अपने बॉयफ्रेंड के साथ फरार हो गई। दो दिनों तक परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। इसी दौरान जब उसका स्कूल का बैग चेक किया गया, तो नोटबुक में उसने अपने प्रेमी के साथ भाग जाने की बात लिखी थी।

उसने लिखा था कि कृपया आप लोग मेरी तलाश न करें, मैं अपनी मर्जी से इसके साथ जा रही हूं। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय थाने में दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।

किशोरी के भाई ने दर्ज कराया मुकदमा

खजनी थाना क्षेत्र के रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के भाई ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है कि गांव के ही एक युवक ने बहन का किडनैप कर लिया है। उसने बहन को पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर किडनैप कर अपने साथ ले गया। युवक की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

युवक के साथ था प्रेम प्रसंग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खजनी थाना क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी गांव के ही एक स्कूल में दसवीं की छात्रा है। स्कूल आते जाते वक्त उसका प्रेम प्रसंग एक युवक के साथ शुरू हो गया। परिजनों को जब इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने मना किया लेकिन दोनों नहीं माने। परिजनों का आरोप है कि युवक अक्सर धमकी देता था कि मैं एक दिन तुम्हारी बेटी को भगा कर ले जाऊंगा और उससे विवाह करूंगा।

'आप लोग मेरी शादी नहीं कर रहे थे'

13 सितंबर को छात्रा स्कूल गई और घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दो दिनों तक उसकी तलाश की। इसी बीच उसके स्कूल बैग से कॉपी में लिखा एक नोट मिला जिसमें उसने लिखा था कि, "मैं अपनी स्वेच्छा से प्रेमी के साथ जा रही हूं, आप लोग मेरी शादी नहीं कर रहे थे, मैं उसके साथ खुश हूं। कृपया आप लोग उसकी या मेरी तलाश ना करें, उसका कोई दोष नहीं। परिजनों को जैसे ही इस बात की जानकारी हुई उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और किशोरी के बड़े भाई ने तत्काल स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ किडनैपिंग का मुकदमा दर्ज करवा दिया।

पुलिस मामले की जांच कर रही

इस संदर्भ में खजनी थाना प्रभारी का कहना है कि किशोरी के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है। जल्द ही दोनों को बरामद कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।