Sadguru
चित्रकूट में मंदाकिनी की बाढ़ से मचा हाहाकार !! मदद को आगे आए सद्गुरु सेवा संघ..रघुबीर मंदिर ट्रस्ट, देंगे 51 लाख ₹ की आर्थिक मदद...
चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए राहत और सेवा कार्य तेजी से जारी हैं। आपदा की इस घड़ी में सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं खुलकर आगे आ रही हैं।
इसी कड़ी में प्रसिद्ध संस्था सदगुरु सेवा संघ ट्रस्ट और रघुबीर मंदिर ट्रस्ट ने बाढ़ पीड़ितों के सहयोग के लिए 51 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का बड़ा संकल्प लिया है।
ट्रस्ट के प्रतिनिधि डॉ. इलेश जैन ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ट्रस्ट द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न राहत, भोजन और स्वास्थ्य सेवा कार्यों के बारे में जानकारी दी।
वार्ता के दौरान डॉ. इलेश जैन ने बाढ़ राहत सहायता से संबंधित 51 लाख रुपये का आधिकारिक संकल्प पत्र कमिश्नर को सौंपा।
प्रशासन और ट्रस्ट के बीच हुई इस बैठक के बाद यह तय किया गया कि इस धनराशि और सहयोग से प्रभावित परिवारों तक जरूरी राहत सामग्री (खाद्यान्न, पेयजल, तिरपाल आदि) और आवश्यक चिकित्सा सेवाएं तेजी से पहुंचाई जाएंगी।
प्रशासन ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक संस्थाओं के इस सहयोग से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।
इस अवसर पर सतना/चित्रकूट के कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।