Headlines
Loading...
5 लाख नहीं मिले तो मार डाला! मौत से एक रात पहले चांदनी ने पापा से कहा-'ये लोग मुझे जान से मार देंगे', अब एसपी से न्याय की गुहार...

5 लाख नहीं मिले तो मार डाला! मौत से एक रात पहले चांदनी ने पापा से कहा-'ये लोग मुझे जान से मार देंगे', अब एसपी से न्याय की गुहार...

Chandni Kumari Case: नगर थाना क्षेत्र के अधिवक्ता नगर मोहल्ला स्थित वार्ड संख्या 14 में चांदनी कुमारी की मौत के मामले में दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।हथुआ थाना क्षेत्र के सोहागपुर गांव निवासी मृतका के पिता दुर्योधन सिंह की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है।

चांदनी कुमारी की शादी वर्ष 2022 में सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के नरहरपुर गांव निवासी उदय सिंह के साथ हुई थी. मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ना का आरोप

दुर्योधन सिंह का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर चांदनी को प्रताड़ित करते थे. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी. उन्होंने बताया कि करीब एक माह पहले चांदनी को ससुराल से निकाल दिया गया था।

छह सितंबर को दोबारा ससुराल गयी थी चांदनी

परिजनों के अनुसार, छह सितंबर को चांदनी दोबारा अपने ससुराल गयी थी. सात सितंबर की रात उसने फोन कर मायके वालों को मारपीट किए जाने और जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी दी थी. इसके अगले दिन ससुराल पक्ष की ओर से चांदनी की मौत की सूचना परिजनों को दी गयी।

शव पर चोट के निशान होने का लगाया आरोप

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि चांदनी के शव पर चोट के निशान थे. उनका यह भी आरोप है कि हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटका दिया गया. मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मायके पक्ष के लोग एसपी विनय तिवारी से मिले।

एसपी ने कार्रवाई का दिया भरोसा

परिजनों ने एसपी से मुलाकात कर चांदनी को इंसाफ दिलाने की मांग की. एसपी विनय तिवारी ने मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया है. पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।