AFG vs IND: अभिषेक शर्मा ने अफगानों को जमकर कूटा, भारत ने 14 ओवर में खत्म किया मैच, सीरीज में 1/0 से आगे...
AFG vs IND: भारत के खिलाफ पहले टी20 में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने के लिए मैदान पर उतरी अफगानिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। रहमानुल्लाह गुरबाज को जसप्रीत बुमराह ने शून्य के स्कोर पर पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद स्थिति नियमित अंतराल पर खराब होती चली गई।
दूसरे ओपनर बल्लेबाज और कप्तान इब्राहिम जादरान भी महज 11 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चले गए। उनके बाद सदिकुल्लाह अटल के बल्ले से 13 रन आए। अफगानिस्तानी टीम ने अपने 5 विकेट सिर्फ 43 के कुल स्कोर पर ही गंवा दिए थे।
इसके बाद अजमतुल्लाह ओमरजई और मोहम्मद नबी ने मिलकर मोर्चा संभाला और स्कोर 100 के पार लेकर चले गए। इस बीच बेहतरीन बैटिंग करते हुए नबी 27 गेंदों में 33 के स्कोर पर आउट हो गए लेकिन ओमरजई ने अपने प्रहार जारी रखते हुए शानदार अर्धशतक जमा दिया। वह 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 44 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाकर लौटे और अफगानिस्तान को 8 विकेट पर 156 के स्कोर तक पहुंचा दिया। शिवम दुबे को अंतिम ओवर में 21 रन पड़े। अर्शदीप सिंह ने भारत के लिए सर्वाधिक 3 विकेट झटके।
जवाबी पारी में खेलते हुए टीम इंडिया ने संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया। वह 10 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मिलकर धागा खोल दिया। दोनों ने अफगानी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए 9 ओवर में ही टीम इंडिया का स्कोर 100 पार पहुंचा दिया।
अभिषेक शर्मा ने महज 22 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। ईशान किशन के साथ मिलकर उन्होंने दूसरे विकेट के लिए शतकीय भागीदारी की। वह 32 गेंदों में 82 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बल्ले से 7 चौके और 7 छक्के आए। उनके बाद ईशान किशन 33 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हो गए, तब तक टीम इंडिया के जीत बेहद करीब थी। 13.4 ओवर में भारत ने 3 विकेट पर 157 रन बना मैच जीत लिया और सीरीज में लीड हासिल कर ली। श्रेयस अय्यर ने 8 और तिलक वर्मा ने 3 रन बनाए, दोनों नाबाद रहे।