Headlines
Loading...
स्मृति मंधाना ने बल्ले से मचाया तूफान, हांगकांग के खिलाफ जड़ा शतक, दो वर्ल्ड रिकॉर्ड किए ध्वस्त...

स्मृति मंधाना ने बल्ले से मचाया तूफान, हांगकांग के खिलाफ जड़ा शतक, दो वर्ल्ड रिकॉर्ड किए ध्वस्त...

भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एशिया कप के मुकाबले में बल्ले से ऐसा तूफान मचाया कि उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड दर्ज हो गए. 2026 महिला एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ खेलते हुए मंधाना ने 64 गेंदों पर 124 रनों की विस्फोटक पारी खेली.इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 7 छक्के लगाए और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना 18वां शतक पूरा किया. इसके साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग के 17 अंतरराष्ट्रीय शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

मंधाना ने तोड़ा मिताली राज का रिकॉर्ड

124 रनों की पारी के दौरान स्मृति मंधाना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं. मंधाना ने 10,869 रनों का आंकड़ा छूकर भारत की पूर्व दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिनके नाम 10,868 रन दर्ज थे. इसके अलावा मंधाना की यह पारी महिला टी20 एशिया कप के इतिहास में सबसे बड़ा निजी स्कोर भी रही।

महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली बल्लेबाज

18 शतक- स्मृति मंधाना
17 शतक- मेग लैनिंग
17 शतक- लौरा वोल्वार्ड्ट
15 शतक- हेले मैथ्यूज
14 शतक- सुजी बेट्स
14 शतक- टैमी ब्यूमोंट

महिला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज 

10869*-स्मृति मंधाना
10868 - मिताली राज
10740 - सुजी बेट्स
10273 - चार्लोट एडवर्ड्स
10007 - स्टैफनी टेलर

टीम इंडिया ने खड़ा किया 193 रन का स्कोर

हांगकांग के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए. स्मृति मंधाना टीम की सबसे बड़ी स्कोरर रहीं, जबकि शेफाली वर्मा ने 17 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 28 रन बनाए. बाकी कोई भी भारतीय बल्लेबाज 15 रन का आंकड़ा नहीं छू सकी. हांगकांग की ओर से मरीना लैम्पलोफ ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए।