लिव-इन पार्टनर काजल की हत्या करने वाले फैजल को गुजरात पुलिस ने सबके सामने दी थर्ड डिग्री, वीडियो वायरल...
भावनगर, न्यूज। गुजरात के भावनगर शहर में एक बस स्टैंड पर हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर की पीटकर हत्या कर दी। यह पूरी घटना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। इसके बाद शनिवार को घटना से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
इसमें कथित तौर पर भावनगर पुलिसकर्मी क्राइम सीन को फिर से बनाने की प्रक्रिया के दौरान सार्वजनिक जगहों पर हत्या के एक आरोपी की पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल नीलंबग पुलिस ने शुक्रवार को 25 साल के आरोपी फैजल उर्फ खटकी लखानी को उसकी लिव-इन पार्टनर काजल बरैया की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान फैजल ने काजल बरैया के साथ मारपीट की और उसे कई बार लात मारी। इससे उसकी किडनी में गंभीर चोटें आईं। गुरुवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, फैजल का हिंसा से जुड़े कई अपराधों का इतिहास रहा है और वह हाल ही में बारिया की मदद से जमानत पर रिहा हुआ था। बताया जाता है कि यह कपल फुटपाथ और GSRTC डिपो के अंदर रह रहा था।
पुलिस ने की आरोपी की क्राइम सीट पर पिटाई
पुलिस ने कहा कि फैजल को शक था कि काजल का किसी और के साथ अफेयर चल रहा है। इसी बात पर हुई बहस हिंसक हो गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस शुक्रवार को उसे क्राइम सीन को फिर से बनाने के लिए घटनास्थल पर ले गई। इसी प्रक्रिया के दौरान पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर आरोपी की पिटाई की। जैसा कि वायरल वीडियो में देखा जा सकता है।
पुलिस ने कार्रवाई का किया बचाव
नीलंबग पुलिस इंस्पेक्टर डीपी उनादकट ने इस कार्रवाई का बचाव करते हुए फैजल को कुख्यात अपराधी बताया। उन्होंने कहा कि जमानत पर रिहा होने के बाद भी आरोपी ने अपनी आपराधिक गतिविधियां जारी रखी थीं। उन्होंने दावा किया कि पिटाई का मकसद यह संदेश देना था कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को गंभीरता से लिया जाएगा।
नीलंबग पुलिस इंस्पेक्टर डीपी उनादकट ने आगे मीडिया से कहा कि हमने उसे इसलिए पीटा ताकि एक मिसाल कायम की जा सके कि महिलाओं के खिलाफ अपराध को गंभीरता से लिया जाएगा और कोई भी ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे।