फिक्सिंग के साए में पाकिस्तान क्रिकेट! मोहम्मद रिजवान और इमाम उल हक को साइबर क्राइम एजेंसी ने किया तलब...
स्पोर्ट्स डेस्क, नईदिल्ली। इंग्लैंड के हाथों लॉर्ड्स टेस्ट में मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल आ गया है। वहां की कई मीडिया रिपोर्ट्स में तो फिक्सिंग का शक भी जताया है। अब इस बात को मोहम्मद रिजवान और इमाम उल बक को साइबर क्राइम एजेंसी द्वारा तलब किए जाने से और ज्यादा बल मिल रहा। इन दोनों खिलाड़ियों को लॉर्ड्स टेस्ट के बाद सबसे पहले टीम से रिलीज किया गया था।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने खिलाड़ियों को मोबाइल फोन जब्त कर लिए थे और उन्हें संबंधित अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया था।
मिल गया नोटिस
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि दोनों खिलाड़ियों को नेशनल साइबर क्राइम जांच एजेंसी ने सोमवार को नोटिस भेजा था और उन्हें शुक्रवार को लाहौर स्थित ऑफिस आने को कहा है। इन दोनों से इनके फोन अनलॉक किए जाने को कहा जा सकता है ताकि जांच के संबंध में जरूरी जानकारी जुटाई जा सके।ये जांच ड्रेसिंग रूम की खबरें बाहर करने को लेकर है। इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही सीरीज के दौरान अंदर की खबरें बाहर आने के बाद पाकिस्तान में भूचाल आ गया था। एक और पाकिस्तानी क्रिकेट को भी एजेंसी ने नोटिस दिया है। हालांकि, पीसीबी ने अभी तक इस जांच को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। न ही इस बारे में कोई जानकारी दी है कि खिलाड़ियों के फोन की कस्टडी क्यों ली गई?
सात खिलाड़ियों को भेजा वापस
इंग्लैंड के हाथों लॉर्ड्स टेस्ट में मिली हार के बाद पीसीबी ने सात खिलाड़ियों को बाहर कर स्वदेश भेज दिया था। इसके अलावा टेस्ट टीम के कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल की भी छुट्टी कर दी गई थी। सीमित ओवरों की टीम के कोच माइक हेसन को टेस्ट टीम के साथ काम करने को भेजा गया था।