राइफल से ऐसा प्यार, गुम होने पर ली बाल-दाढ़ी न कटाने प्रतिज्ञा; चार साल बाद पकड़ाया चोर, अब कराएंगे शेविंग...
आगरा, न्यूज। उत्तर प्रदेश के आगरा से अपने हथियार से प्रेम का अनोखा मामला सामने आया है। दरअसल, पूर्व प्रधान उदय सिंह का राइफल चोरी हो गया था। इसके बाद उन्होंने कसम खाई कि जब तक राइफल की बरामदगी नहीं होगी, तब तक बाल-दाढ़ी नहीं कटाएंगे।
2022 में घटना के बाद से अब तक उन्होंने बाल-दाढ़ी नहीं छंटवाई है। उनकी इस प्रतिज्ञा के कारण पत्नी नाराज होकर मायके चली गई। इसके बाद भी उदय सिंह नहीं माने। छह माह तक मान-मनौव्वल का दौर चला, इसके बाद पत्नी तो वापस लौट आई, लेकिन चोर को पकड़ने में सफलता नहीं मिली। आगरा की खेरागढ़ पुलिस ने मंगवार को 25 हजार के इनामी बदमाश ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया।
जानकारी मिलते ही पहुंचे कलेक्ट्रेट
इनामी बदमाश की गिरफ्तारी के साथ ही उदय सिंह को राइफल मिलने की सूचना मिल गई। वे कलेक्ट्रेट पहुंच गए। कलेक्ट्रेट में पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस तक पहुंच कर उन्होंने अपनी खुशी का इजहार किया। मामला सैंया थाना क्षेत्र के मुखरई गांव का है। पूर्व प्रधान उदय सिंह पिप्पल ने राइफल चोरी की कहानी शेयर की। उन्होंने बताया कि 6 जून 2022 की आधी रात उनके जीवन में कभी न भूलने वाली रात है। पैर में तेज दर्द के कारण वे दवा खाकर गहरी नींद में सो गए। पत्नी रेखा देवी कमरे की कुंडी लगाना भूल गई।
पूर्व प्रधान का कहना है कि उस रात घर पर चोरों ने धावा बोल दिया था। उनकी लाइसेंसी राइफल चोरी कर ले गए। उसके साथ-साथ घर में रखे चार लाख रुपये, 22 तोला सोने के जेवर और ढाई किलोग्राम चांदी भी चुरा ले गए। उदय सिंह का कहना है कि पैसे, जेवर जाने का गम उतना नहीं था। लाइसेंसी राइफल चोरी ने उन्हें गहरा दुख दिया।
तानों ने दिल पर किया वार
लाइसेंसी राइफल परिवार में सबसे प्यारी थी। चोरी के बाद गांव के लोग पूर्व प्रधान को ताना मारते थे कि अपनी राइफल भी नहीं बचा पाए। यह बात उनके दिल पर चुभ गई। इसके बाद उदय सिंह ने कसम खाई कि जब तक उनकी राइफल बरामद नहीं होगी, तब तक वह अपने बाल और दाढ़ी नहीं कटवाएंगे। वे कहते हैं कि चोरों ने हमारी राइफल नहीं, प्रतिष्ठा को चोरी की। उनकी जिद से पत्नी इतनी नाराज हुईं कि मायके चली गईं। बाद में वे समझाने पर लौटीं, लेकिन उदय सिंह कसम से पीछे नहीं हटे।
उदय सिंह की बाल और दाढ़ी चार सालों में लंबी हो गई है। वे कहते हैं कि ये बढ़ी बाल-दाढ़ी अपनी प्यारी चीज खोने का अहसास कराती रही। उसको बरामद कराने के लिए प्रयास करते रहे। पुलिस ने अब चोर को गिरफ्तार कर राइफल बरामद किया है। इसके बाद अब वे बुधवार को अपने बाल-दाढ़ी कटाने की बात कर रहे हैं। वहीं, राइफल मिलने की खबर से पैरालाइसिस से जूझ रही पत्नी की सेहत में भी सुधार की बात सामने आई है।
डीसीपी ने दी जानकारी
डीसीपी पश्चिम जोन आदित्य ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि खेरागढ़ पुलिस और एसओजी ने 25 हजार के इनामी चोर ध्रुव सिंह को गिरफ्तार किया है। वह डाग बसई धौलपुर थाना के गांव रजई का रहने वाला है। उसे खेरागढ़ के फजीहतपुरा कट से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिनाफ कागारौल थाने से तीन मुकदमों में इनाम घोषित था। आरोपित के दो साथी बबलू निवासी कंचनपुर धौलपुर और अनिरुद्ध निवासी बसई डाग की तलाश की जा रही है। ध्रुव सिंह के पास से चार वर्ष पहले चोरी हुई राइफल के अलावा 50 हजार रुपये और तमंचा एवं बाइक बरामद किया गया है। उसके खिलाफ 9 केस दर्ज हैं।