कौन हैं अनुसुइया गोस्वामी? कोटा का मेयर बनते ही पहुंचीं ओम बिरला के निजी आवास, 'बैकुंठ' के सामने टेका मत्था...
कोटा, न्यूज। राजस्थान के कोटा शहर को नई मेयर मिल गई हैं। बीजेपी की अनुसुइया गोस्वामी ने मेयर चुनाव में 65 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सुमन को 35 वोटों से पराजित कर दिया। नतीजे आने के बाद अनुसुइया गोस्वामी भावुक नजर आईं।
इसी बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के दशहरा मैदान के सामने स्थित शक्ति नगर के निजी आवास 'बैकुंठ' के बाहर पहुंचकर चौखट पर मत्था टेकती दिखाई दे रही हैं। इस वीडियो को लेकर कोटा के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
अनुसुइया का मत्था टेकते वीडियो वायरल
वीडियो में अनुसुइया गोस्वामी आवास के बाहर पहुंचती हैं और चौखट पर सिर झुकाकर मत्था टेकती नजर आती हैं। उसके बाद दोनों हाथ जोड़कर आवास को प्रणाम करती हैं। मेयर चुनाव में जीत के तुरंत बाद सामने आए इस दृश्य को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि, वीडियो के पीछे की उनकी निजी भावना या उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
कौन हैं कोटा मेयर अनुसुइया गोस्वामी?
अनुसुइया गोस्वामी भाजपा संगठन में लंबे समय से सक्रिय रही हैं। वह कोटा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं और राजस्थान भाजपा में प्रदेश मंत्री के पद पर भी काम कर चुकी हैं। पार्टी संगठन में लंबे अनुभव और जमीनी स्तर पर सक्रियता के चलते उनका नाम कोटा की राजनीति में पहले से चर्चित रहा है। मेयर चुनाव से पहले भाजपा ने आखिरी समय में वार्ड 98 की पार्षद अनुसुइया गोस्वामी को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। इसके बाद से ही कोटा की राजनीति में उनके नाम को लेकर चर्चाएं तेज थीं।
57 से 65 तक पहुंचा भाजपा का आंकड़ा
कोटा नगर निगम के 100 सदस्यीय सदन में भाजपा के 57 पार्षद थे, जबकि कांग्रेस के 39 और चार निर्दलीय पार्षद थे। मेयर चुनाव में अनुसुइया गोस्वामी को 65 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सुमन को 35 वोट मिले। इस परिणाम के बाद कांग्रेस खेमे से क्रॉस वोटिंग की चर्चा भी सामने आई। ऐसे में अनुसुइया गोस्वामी की जीत सिर्फ मेयर की कुर्सी तक सीमित नहीं रही, बल्कि चुनावी गणित और दोनों प्रमुख दलों के बीच नगर निगम की राजनीति को लेकर भी चर्चा का विषय बन गई है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी
जीत के बाद नगर निगम से निकलकर ओम बिरला के 'बैकुंठ' आवास की चौखट पर अनुसुइया गोस्वामी का ढोक लगाना अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है। आने वाले दिनों में इस तस्वीर को कोटा की स्थानीय भाजपा राजनीति में किस नजरिए से देखा जाता है, यह भी राजनीतिक हलकों में दिलचस्पी का विषय बना हुआ है।