आज वाराणसी में डेंगू से पीडित छात्रा की इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम, दोपहर में मणिकर्णिका घाट पर हुई अंत्येष्टि...
वाराणसी, न्यूज। बड़ागांव ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रकाश यादव की 22 वर्षीय पुत्री का असामयिक निधन हो गया। परिजनों के अनुसार काफी इलाज के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। पुत्री के निधन की जानकारी देते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि उनकी बेटी दिव्यांशी यादव लखनऊ स्थित किंग जार्ज मेडिकल कालेज में नर्सिंग की छात्रा थी और बीते कुछ दिनों से वह डेंगू से पीड़ित थी और उसे लखनऊ में एडमिट कराया गया था।
बताया कि शुक्रवार को उनकी सेहत में सुधार होता न देख परिजनों को भेज कर बेटी को अपने शिवपुर स्थित घर बुलाया था और वाराणसी में पुनः उसकी जांच करा कर उसे एक निजी अस्पताल में एडमिट भी किया था।काफी इलाज के बाद भी सेहत में कोई राहत नहीं मिली और शनिवार की सुबह उसका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
शोक व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज यादव, शशिकांत श्रीवास्तव, नागेंद्र सरोज, संजय यादव, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सकलदेव सिंह, जिलामंत्री डॉ शैलेंद्र विक्रम, मनोज सिंह, संतोष सिंह, राकेश पाठक, डॉ. राजेश्वर, अजय तिवारी सहित सैकड़ों शिक्षक शामिल रहे। मणिकर्णिका घाट पर दोपहर में अन्त्येष्टि की गयी।