वाराणसी :आज विराजेंगे विघ्नहर्ता गणेश गूंजेगा गणपति बप्पा मोरया !!शुभ मुहूर्त में होगा पूजन...
वाराणसी, ब्यूरो। बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी आज गणपति बप्पा मोरया...से गुंजायमान होगी। विनायक चतुर्थी पर सोमवार को गणेशोत्सव शुरू होगा। शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना और ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ पूजा पंडालों में विघ्नहर्ता विराजेंगे।
शहर से लेकर गांव तक सजे पूजा पंडालों में विधि - विधान से गौरी नंदन की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
दूर्वा से भगवान की आंखें खोलकर षोडशोपचार पूजन संपन्न होगा। गणेशोत्सव को लेकर काशी में रह रहे मराठी परिवारों में भी विशेष उत्साह है।
करीब एक हजार घरों में भी गणेश प्रतिमा स्थापित कर विधि - विधान से पूजन अर्चन किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर विशिष्ट थीम पर उत्सव की तैयारी है।
ब्रह्माघाट पर श्रीकाशी गणेशोत्सव कमेटी इस बार 129वां गणेशोत्सव मनाएगी। सात दिवसीय गणेशोत्सव में कलश स्थापना, बच्चों के हिंदी-मराठी पद्यगान, संगीत सम्मेलन व हरियाली शृंगार के बाद 20 सितंबर को महानैवेद्य भोग और विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शारदा भवन में 98वें गणेशोत्सव का शुभारंभ सोमवार को सविधि प्राण-प्रतिष्ठा के साथ होगा।
पांच दिवसीय समारोह में कवि सम्मेलन, शास्त्रीय संगीत व विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 18 सितंबर शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा का गंगाजल में विसर्जन किया जाएगा।
श्रीकाशी मराठा गणेश उत्सव समिति का 18वां पांच दिवसीय आयोजन ठठेरी बाजार स्थित शेरवाली कोठी में होगा। लालबाग के राजाकी छह फीट ऊंची प्रतिमूर्ति स्थापित होगी।
बाहुबली थीम पर पंडाल तैयार किया गया है। 18 सितंबर को नासिक के 80 सदस्यीय दल की प्रस्तुति के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
दशाश्वमेध के राधा कृष्ण मंदिर में सिद्धि विनायक की प्रतिमा स्थापित कर 12 दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जाएगा।
रामघाट स्थित अमृत विनायक मूंगा गणेश मंदिर में पेशवा परिवार का तीन दिवसीय गणेश पूजन होगा।