''घबराने की जरूरत नहीं है...'' एक-एक फरियादी के पास पहुंचे CM योगी, अफसरों को दिए सख्त निर्देश, मंदिर गोशाला में जाकर गोसेवा भी की...
गोरखपुर न्यूज, मंगलवार। आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए मंगलवार को कहा कि इसमें किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सोमवार को गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनसेवा के नियमित कार्यक्रम जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसमस्याओं का समाधान तत्परता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें किसी भी तरह की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और हर समस्या का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतोषजनक तरीके से होना चाहिए।
गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक करके सभी की समस्याएं सुनीं। उन्होंने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और सभी को आश्वस्त किया कि घबराने की जरूरत नहीं है तथा उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर में प्रवास के दौरान मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री ने मंदिर की गोशाला में जाकर गोसेवा भी की।