पंजाब पुलिस के स्पेशल DGP का भतीजा ही निकला लॉरेंस बिश्नोई का शूटर, मोहाली में पॉंच करोड़ ₹ की रंगदारी के बाद गिरफ्तार...
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में कारोबारी चीनी कुबाहेड़ी की दिनदहाड़े हत्या के मामले में गिरफ्तार पंजाब के स्पेशल डीजीपी रैंक के वरिष्ठ आइपीएस अधिकारी की भाभी अमरीन राय का बेटा आकाशदीप सिंह लारेंस बिश्नोई गैंग के शूटर मॉड्यूल में पकड़ा गया है। आरोपित अपने साथियों सहित मोहाली के कारोबारियों से पांच-पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के बाद उनके घरों पर फायरिंग कर रहा था।
मोहाली पुलिस ने इस नेटवर्क के चार गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मोहाली पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चार आरोपितों में चंडीगढ़ सेक्टर-35ए निवासी आकाशदीप सिंह, बठिंडा के लहरा सोधा का प्रवीण कुमार उर्फ काली, खरड़ के सेक्टर-114 स्थित आंसल कालोनी निवासी जसमनदीप सिंह और हरियाणा के यमुनानगर निवासी दुशंत शर्मा उर्फ शम्मी शामिल हैं।
जांच में जसमनदीप की भूमिका फायरिंग से पहले कोठियों की रेकी करने की बताई गई है। दुशंत पर वारदात में इस्तेमाल हथियार संभालने की जिम्मेदारी होने का आरोप है। पुलिस के अनुसार आकाशदीप सिंह, प्रवीण कुमार और सिमरदीप सिंह उर्फ जश्न फायरिंग करते थे। सिमरदीप की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, सीआइए स्टाफ और आपरेशन सेल की टीमों ने वारदात के दिन से ही आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। इस गिरफ्तारी ने चंडीगढ़ के चीनी कुबाहेड़ी हत्याकांड और मोहाली में सक्रिय लारेंस गैंग के रंगदारी नेटवर्क के बीच संभावित कनेक्शन की जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
हालांकि दोनों मामलों के बीच सीधे आपराधिक संबंध की पुष्टि पुलिस की आगे की जांच से होगी। पुलिस पूछताछ में आकाशदीप की भूमिका केवल नेटवर्क से जुड़े सदस्य की नहीं, बल्कि फायरिंग करने वाले शूटर के तौर पर सामने आई है।
बुड़ैल जेल से काली चला रहा था पूरा नेटवर्क
इस मॉड्यूल की सबसे अहम कड़ी चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल तक पहुंची है। पुलिस के मुताबिक, लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा रविंदर सिंह उर्फ काली निवासी बलौंगी, जेल में बंद होने के बावजूद इस नेटवर्क के लगातार संपर्क में था।
पुलिस का दावा है कि काली जेल में बैठकर पूरे गैंग को आपरेट करता था। काली पहले काफी समय पटियाला जेल में रहा और पिछले कुछ महीनों से बुड़ैल जेल में बंद बताया जा रहा है। मोहाली पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है।
इसके बाद उससे नेटवर्क के संचालन, शूटरों को निर्देश देने और जेल से बाहर बैठे सदस्यों के साथ संपर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी।
विदेश में बैठे कुलवीर सिद्धू से कनेक्शन
जांच में विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू का नाम भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कुलवीर सिंह सिद्धू के संपर्क में थे। उससे पहले भी गंभीर आपराधिक मामलों में कुलवीर सिद्धू का नाम सामने आने की बात कही जाती रही है।