Headlines
Loading...
Duleep Trophy 2026: फाइनल में पहुंची वैभव सूर्यवंशी की ईस्ट जोन, सेंट्रल जोन को 4 विकेट से दी पटखनी...

Duleep Trophy 2026: फाइनल में पहुंची वैभव सूर्यवंशी की ईस्ट जोन, सेंट्रल जोन को 4 विकेट से दी पटखनी...

Duleep Trophy 2026: वैभव सूर्यवंशी की टीम यानी ईस्ट जोन ने दलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल मैच में उसने सेंट्रल जोन को 4 विकेट से हरा दिया। ईस्ट जोन के सामने 159 रन का आसान लक्ष्य था, जिसे उसने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। दूसरी पारी में वैभव सूर्यवंशी सबसे सफल रहे जिन्होंने 43 गेंद में 40 रन की पारी खेली। वैभव के अलावा कप्तान ईशान किशन 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले ईस्ट जोन के कप्तान ईशान किशन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। सेंट्रल जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 266 रन बनाए। सेंट्रल जोन की ओर से रिंकू सिंह ने सर्वाधिक 60 जबकि विकेटकीपर आर्यन जुयाल ने 46 रन की पारी खेली। ईस्ट जोन की ओर से मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने 3-3 जबकि शमी और कुनैन कुरेशी ने 2-2 विकेट झटके।

बराबरी पर ईस्ट जोन को रोका

266 रन के जवाब में ईस्ट जोन की टीम भी इतना ही स्कोर बना पाई। ईस्ट जोन की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने सर्वाधिक 92 और अभिमन्यू ईश्वरण ने 69 रन की पारी खेली। सेंट्रल जोन की ओर से हर्ष दुबे ने 4 जबकि आर्यन पांडे और यश ठाकुर ने 3-3 विकेट चटकाए।

दूसरी पारी में दिखा मुकेश और शमी का कहर

सेंट्रल जोन के बल्लेबाजों के पास दूसरी पारी में भी ईस्ट जोन के गेंदबाजों को कोई जवाब नहीं था। खासतौर से शमी और मुकेश कुमार की जोड़ी के सामने सेंट्रल जोन के बल्लेबाज ने केवल 158 रन पर खुद को सरेंडर कर दिया। सेंट्रल जोन की ओर से अमन मोखाड़े ने सर्वाधिक 41 रन की पारी खेली।

159 रन का लक्ष्य ईस्ट जोन ने 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। फाइनल में उसका सामना नॉर्थ जोन और साउथ जोन के बीच हो रहे मैच के विजेता से होगा। फाइनल मुकाबला 6 सितंबर को खेला जाएगा।