Headlines
Loading...
बिहार में पहली बार महिला IPS को मिला DGP का प्रभार, कौन हैं प्रीता वर्मा जो संभालेंगी बिहार राज्यभर के पुलिस की कमान...

बिहार में पहली बार महिला IPS को मिला DGP का प्रभार, कौन हैं प्रीता वर्मा जो संभालेंगी बिहार राज्यभर के पुलिस की कमान...

IPS Preeta Verma: बिहार में पुलिस महकमे की कमान फिलहाल एक महिला IPS अधिकारी के हाथ में है। 1991 बैच की वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रीता वर्मा को बिहार के DGP का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह जिम्मेदारी उन्हें मौजूदा DGP विनय कुमार के 21 दिन की छुट्टी पर जाने के बाद मिली है। विनय कुमार 15 सितंबर से 5 अक्टूबर तक अवकाश पर हैं। प्रीता वर्मा इस दौरान DGP की जिम्मेदारी संभालने के साथ अपना मौजूदा पद भी संभालेंगी।

IPS प्रीता अभी बिहार में DG-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं के पद पर हैं। तीन दशक से ज्यादा लंबे पुलिस करियर वाली प्रीता वर्मा को सेवा के दौरान दो बड़े पुलिस सम्मान भी मिल चुके हैं। ऐसे में उनके नाम की चर्चा सिर्फ मौजूदा अतिरिक्त जिम्मेदारी को लेकर नहीं, बल्कि बिहार के अगले स्थायी DGP को लेकर भी हो रही है।

कौन हैं IPS प्रीता वर्मा?

प्रीता वर्मा बिहार कैडर की 1991 बैच की IPS अधिकारी हैं। भारत सरकार की IPS सिविल लिस्ट में उनका नाम दर्ज है। सरकारी रिकॉर्ड के मुताबिक उनका जन्म 1 जुलाई 1968 को हुआ और वह राजस्थान से हैं। उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा के जरिए सीधे IPS जॉइन किया था।पुलिस सेवा में उनका करियर तीन दशक से ज्यादा का रहा है। इस दौरान उन्होंने बिहार पुलिस में कई वरिष्ठ पदों पर काम किया है। जनवरी 2023 में उन्हें DG (Training), बिहार की जिम्मेदारी दी गई थी।

अभी कौन-सी जिम्मेदारी संभाल रही हैं?

प्रीता वर्मा फिलहाल DG-सह-महासमादेष्टा, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएं, बिहार के पद पर हैं। 2026 में उन्हें इस विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। अब विनय कुमार की छुट्टी के दौरान उनके पास बिहार DGP का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। यानी इस अवधि में वह बिहार पुलिस के शीर्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि उनका मौजूदा पद भी उनके पास रहेगा।

दो बड़े पुलिस सम्मान मिल चुके हैं

प्रीता वर्मा को उनके लंबे पुलिस करियर के दौरान दो महत्वपूर्ण सम्मान मिल चुके हैं। 2009 में उन्हें Police Medal for Meritorious Service से सम्मानित किया गया था। इसके बाद 2023 में President's Police Medal for Distinguished Service के लिए उनका नाम चुना गया। उस समय वह बिहार में DG (Training) के पद पर तैनात थीं। भारत सरकार की 2023 की सूची में भी उनका नाम दर्ज है।

विनय कुमार की छुट्टी में संभालेंगी DGP का कामबिहार के मौजूदा DGP विनय कुमार 15 सितंबर से 21 दिन के अर्जित अवकाश पर हैं। उनका अवकाश 5 अक्टूबर तक रहेगा। गृह विभाग के आदेश के मुताबिक छुट्टी निजी और स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मंजूर की गई है। इसी अवधि के लिए प्रीता वर्मा को DGP का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विनय कुमार के वापस लौटने के बाद वह फिर से नियमित रूप से DGP का पद संभालेंगे।

दिसंबर में खत्म होगा विनय कुमार का कार्यकाल

विनय कुमार का मौजूदा कार्यकाल 12 दिसंबर 2026 को समाप्त होना है। इसलिए बिहार में अगले स्थायी DGP को लेकर प्रक्रिया पहले से ही महत्वपूर्ण हो गई है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नए DGP के लिए भेजे गए नामों में प्रीता वर्मा का नाम भी शामिल है। हालांकि, अतिरिक्त प्रभार मिलना और स्थायी DGP की नियुक्ति दो अलग प्रक्रियाएं हैं। स्थायी नियुक्ति के लिए तय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अंतिम फैसला होगा।

क्या बिहार को मिल सकती है पहली महिला DGP?

प्रीता वर्मा का नाम अगले स्थायी DGP के लिए चर्चा में है। अगर भविष्य में उनकी स्थायी नियुक्ति होती है, तो वह बिहार पुलिस की पहली महिला DGP बन सकती हैं। फिलहाल वह अतिरिक्त प्रभार के तौर पर DGP की जिम्मेदारी संभाल रही हैं और स्थायी नियुक्ति पर अंतिम फैसला होना बाकी है। प्रभारी DGP बनते ही प्रीता वर्मा बिहार की पहली प्रभारी महीला DGP बन गई हैं।