Headlines
Loading...
करोड़ों LPG ग्राहकों के लिए यह है बड़ी खबर, 1 अक्टूबर से बदलेगा गैस सिलेंडर का ये नियम...

करोड़ों LPG ग्राहकों के लिए यह है बड़ी खबर, 1 अक्टूबर से बदलेगा गैस सिलेंडर का ये नियम...

देश के करोड़ों घरेलू LPG ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। अगर आपके घर में घरेलू गैस सिलेंडर आता है और आप सरकार की तरफ से मिलने वाली LPG सब्सिडी का फायदा लेते हैं तो आपको आधार से अपनी पहचान की पुष्टि अब करानी होगी। सरकार ने साफ किया है कि 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले दाम पर LPG सिलेंडर लेने के लिए आधार से पहचान की प्रक्रिया जरूरी होगी।

सरल भाषा में समझें तो सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि LPG कनेक्शन जिस व्यक्ति के नाम पर है, वही व्यक्ति उस कनेक्शन का इस्तेमाल कर रहा है और सब्सिडी का फायदा सही व्यक्ति को मिल रहा है।

1 अक्टूबर से क्या बदलेगा?

अभी तक जिन LPG ग्राहकों ने आधार से अपनी पहचान की पुष्टि नहीं कराई है उन्हें इसके लिए समय दिया गया था. सरकार ने पहले इसके लिए 30 जून 2026 की समय सीमा तय की थी. बाद में ग्राहकों को राहत देते हुए समय सीमा बढ़ाई गई।

अब 1 अक्टूबर 2026 से नया नियम लागू होगा

अगर आप LPG सब्सिडी का फायदा लेना चाहते हैं और अभी तक आधार से अपनी पहचान की पुष्टि नहीं कराई है तो आपको यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी. जिस ग्राहक की पहचान पहले ही आधार के जरिए सत्यापित हो चुकी है, उसे दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं होगी।

आधार से पहचान की पुष्टि का मतलब क्या है?

'बायोमेट्रिक आधार सत्यापन' सुनकर घबराने की जरूरत नहीं है. इसका सीधा मतलब है कि आधार के जरिए आपकी पहचान की पुष्टि की जाएगी. इसमें आधार नंबर के साथ आपकी पहचान की जांच की जाती है और जरूरत के मुताबिक उंगली के निशान यानी बायोमेट्रिक से पुष्टि की जाती है. यानी सरकार यह देखना चाहती है कि LPG कनेक्शन और उससे मिलने वाला लाभ सही व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कितने लोगों की पहचान हो चुकी है?

सरकार के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 तक 27 करोड़ 43 लाख सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं की आधार आधारित बायोमेट्रिक पहचान पूरी हो चुकी है. यह कुल सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ताओं का करीब 89.9 फीसदी है. यानी करीब 90 फीसदी LPG ग्राहकों की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है लेकिन अभी भी कुछ ग्राहक ऐसे हैं जिन्हें यह काम करना बाकी है।

पहचान नहीं कराई तो क्या LPG सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा?

यह सबसे जरूरी बात है. नहीं, LPG की सप्लाई पूरी तरह बंद नहीं होगी, लेकिन अगर आपने आधार से अपनी पहचान की पुष्टि नहीं कराई है तो सब्सिडी वाले दाम पर LPG सिलेंडर लेने में दिक्कत हो सकती है. ऐसे ग्राहक को बाजार भाव पर LPG लेनी पड़ सकती है।

सरकार के मुताबिक, जरूरत और उपलब्धता के आधार पर ऐसे ग्राहकों के लिए 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर का विकल्प भी हो सकता है. यानी मामला LPG सिलेंडर बंद होने का नहीं बल्कि सब्सिडी वाले दाम का फायदा मिलने का है।

घर बैठे भी कर सकते हैं पहचान की पुष्टि

इसके लिए LPG ग्राहक को गैस एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है. सरकार और तेल कंपनियों ने कई विकल्प दिए हैं।

पहला तरीका: सिलेंडर की डिलीवरी के समय

* जब आपके घर LPG सिलेंडर पहुंचता है तो डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के मोबाइल ऐप के जरिए मौके पर ही पहचान की पुष्टि कराई जा सकती है।

दूसरा तरीका: गैस एजेंसी पर जाकर

* आप अपनी LPG वितरक एजेंसी यानी गैस के शोरूम पर जाकर भी आधार से अपनी पहचान की पुष्टि करा सकते हैं।

तीसरा तरीका: मोबाइल ऐप से

तेल कंपनियों ने अपने-अपने ऐप के जरिए भी यह सुविधा उपलब्ध कराई है।

* Indane ग्राहक: IndianOil ONE ऐप
* Bharatgas ग्राहक: Hello BPCL ऐप
* HP Gas ग्राहक: HP Pay ऐप
* यानी ग्राहक अपनी सुविधा के हिसाब से ऑनलाइन या ऑफलाइन तरीका चुन सकता है।

सरकार आधार से पहचान क्यों करवा रही है?

सरकार का कहना है कि घरेलू LPG पर सब्सिडी दी जा रही है और यह पैसा सही लाभार्थियों तक पहुंचना जरूरी है. LPG सब्सिडी का मकसद उन घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देना है, जिन्हें सरकार इस योजना के तहत लाभ देना चाहती है. इसी वजह से सरकार LPG कनेक्शन और सब्सिडी का फायदा लेने वाले ग्राहकों की पहचान को आधार से जोड़कर सत्यापित कर रही है।

LPG पर कितनी सब्सिडी मिल रही है?

सरकार के मुताबिक, सितंबर 2026 में एक घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब 210 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है. वहीं जून 2026 में यह सब्सिडी करीब 721 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंच गई थी यानी सब्सिडी की रकम में समय के साथ बदलाव होता रहता है।

सरकार के मुताबिक, LPG सब्सिडी की भरपाई के लिए तेल कंपनियों को वित्त वर्ष 2025-26 और 2026-27 में हर साल करीब 30 हजार करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

अगर मैं आधार सत्यापन नहीं कराना चाहता तो?

सरकार ने ऐसे उपभोक्ताओं के लिए भी एक विकल्प बताया है. अगर कोई LPG ग्राहक आधार से पहचान की पुष्टि नहीं कराना चाहता तो उसे अपनी तेल कंपनी के डिजिटल माध्यम से इस बारे में विकल्प दर्ज करना होगा. हालांकि ऐसे मामले में सब्सिडी वाले सिलेंडर के बजाय बाजार भाव पर LPG लेने की स्थिति बन सकती है।

अगर पहले ही आधार से पहचान हो चुकी है तो?

अगर आपने पहले ही LPG कनेक्शन के लिए आधार से अपनी पहचान की पुष्टि करा रखी है तो आपको दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं है। यानी सबसे पहले यह पता कर लें कि आपका आधार सत्यापन पहले से पूरा है या नहीं. अगर पूरा है तो आपको कुछ अतिरिक्त करने की जरूरत नहीं।

LPG ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

अगर आप घरेलू LPG सिलेंडर लेते हैं और सब्सिडी का फायदा भी लेते हैं तो 1 अक्टूबर से पहले अपनी पहचान की स्थिति जरूर जांच लें. अगर पहचान की पुष्टि नहीं हुई है तो इनमें से कोई एक तरीका अपनाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

सिलेंडर की डिलीवरी के समय LPG गैस एजेंसी पर जाकर संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए केवाईसी करा सकते हैं। ध्यान रखें अगर आधार से पहचान पहले ही पूरी हो चुकी है तो दोबारा कराने की जरूरत नहीं है। किसी तरह की परेशानी या जानकारी के लिए LPG ग्राहक 1800-2333-555 टोल फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।