Sports News
भारत के सामने फिर बेनकाब हुआ पाकिस्तान: टॉस जीतकर पहले बैटिंग का आत्मघाती फैसला, 'गली क्रिकेट'जैसी बल्लेबाजी कर 55रन पर ढेर..
नई दिल्ली, केसरी न्यूज 24 (खेल डेस्क)। बड़े मंच, चिर-प्रतिद्वंद्वी भारत का सामना और फिर वही पुरानी ढर्रे पर चलती गैर-जिम्मेदाराना क्रिकेट। भारतीय महिला टीम के खिलाफ आज मैदान पर उतरी पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम ने जिस स्तर का प्रदर्शन दिखाया, उसने दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों और खेल पंडितों को स्तब्ध कर दिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेने के बाद पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने जिस तरह घुटने टेके, उसे देखकर ऐसा लगा मानो अंतरराष्ट्रीय मैच में पेशेवर खिलाड़ियों की जगह गली क्रिकेट खेलने वाली नौसिखिया बच्चियों के हाथों में बल्ला थमाकर मैदान में उतार दिया गया हो।
सपाट और बल्लेबाजी के अनुकूल दिख रही पिच पर पाकिस्तानी शीर्ष क्रम से लेकर मध्यक्रम तक किसी भी बल्लेबाज में न तो ठहरने का जज्बा दिखा और न ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक। भारतीय तेज गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने पाकिस्तानी ओपनर्स शुरुआत से ही असहज और डरी हुई नजर आईं। क्रीज पर रुककर गेंद की मेरिट पर खेलने के बजाय गैर-जरूरी बड़े शॉट्स खेलने की होड़ ने पूरी टीम को गर्त में धकेल दिया।
विकेटों के पतझड़ का आलम यह रहा कि एक के बाद एक बल्लेबाज बिना किसी रणनीति के आया-राम, गया-राम की तर्ज पर पवेलियन लौटती रहीं। खराब शॉट सेलेक्शन, लचर रनिंग बिटवीन द विकेट्स और स्पिनरों के सामने पूरी तरह असहाय नजर आने वाली पाकिस्तानी टीम की इस बैटिंग लाइन-अप में न तो आत्मविश्वास था और न ही मैच का कोई स्पष्ट खाका।
भारतीय महिला गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की तकनीकी कमजोरियों को भांपते हुए कसी हुई गेंदबाजी का ऐसा चक्रव्यूह रचा, जिससे विपक्षी खेमा पूरे मैच में बाहर ही नहीं निकल सका। चाहे नई गेंद से मिलने वाला शुरुआती स्विंग हो या मिडिल ओवर्स में स्पिनरों का कसाव, पाकिस्तान की कोई भी बल्लेबाज 15-20 गेंदे भी ढंग से टिक कर नहीं खेल पाई। भारतीय फील्डरों की चुस्ती और आक्रामकता ने पाकिस्तान पर दबाव को कई गुना और बढ़ा दिया।
सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट विशेषज्ञों तक, इस प्रदर्शन की चौतरफा तीखी आलोचना हो रही है। भारत-पाक मुकाबले का जो दबाव और गौरव होता है, पाकिस्तानी बल्लेबाजी में उसके प्रति जरा भी गंभीरता नजर नहीं आई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तरह का लचर और गैर-पेशेवर खेल न केवल निराशाजनक है, बल्कि महिला क्रिकेट के लगातार बढ़ते स्तर पर भी एक बड़ा धब्बा है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनना और फिर बिना लड़े इस कदर सरेंडर कर देना यह साबित करता है कि टीम न तो मानसिक रूप से तैयार थी और न ही उनके पास कोई गेम प्लान था। भारत के खिलाफ इस शर्मनाक आत्मसमर्पण के बाद पाकिस्तानी टीम मैनेजमेंट, चयनकर्ताओं और बल्लेबाजों के रवैये पर अब तीखे सवालों की बौछार होना तय है। खबर लिखे जाने तक पाकिस्तान का मौजूदा स्कोर 18 ओवर में 55 रन ढेर हो गई हैं।