वाराणसी, मिर्जामुराद। आज खालिसपुर गांव में मंगलवार शाम 17 वर्षीय किशोरी ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर दी जान, परिवार सदमे में...
मिर्जामुराद (वाराणसी), न्यूज। खालिसपुर गांव में मंगलवार शाम 17 वर्षीय किशोरी ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय परिजन घर पर नहीं थे। मिर्जामुराद पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खालिसपुर निवासी संजय राजभर की पुत्री आकांक्षा मंगलवार शाम घर में अकेली थी। परिजन रिश्तेदारी से लौटे तो अंदर का दरवाजा बंद मिला। खिड़की से देखने पर आकांक्षा पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर फांसी में प्रयुक्त कपड़ा कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार कुछ माह पहले किशोरी गांव के ही एक किशोर के साथ घर से चली गई थी। मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त को आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा था। दो दिन पहले ही वह जेल से छूटकर गांव लौटा था। इस बीच किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।