अभिषेक के तूफानी शतक से दहला न्यूजीलैंड, भारत ने लगातार तीसरी टी20 सीरीज पर किया कब्जा, सीरीज में भारत 3-0 से आगे...
नई दिल्ली, क्रिकेट न्यूज। क्रिकेट के मैदान पर एक बार फिर भारत का तिरंगा शान से लहराया. और गूंज उठा है 'अभिषेक-अभिषेक'. न्यूजीलैंड की सरजमीं पर टीम इंडिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित करते हुए टी20 सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। कीवी टीम के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार और आक्रामक खेल दिखाते हुए न्यूजीलैंड को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी।
इस धमाकेदार जीत के साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड में लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीतकर नया इतिहास रच दिया. 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।
इस ऐतिहासिक जीत के असली नायक युवा विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) रहे. जिन्होंने मैदान पर आते ही तबाही मचा दी. अभिषेक ने महज 35 गेंदों पर तूफानी अंदाज में शतक जड़कर रिकॉर्ड बुक में भूचाल ला दिया. उनकी इस सनसनीखेज पारी में चौकों और छक्कों की ऐसी बरसात हुई कि कीवी गेंदबाजों के होश उड़ गए. मैदान के हर कोने में गेंद को भेजने वाले अभिषेक के इस खौफनाक और आक्रामक रूप ने विपक्षी टीम को पूरी तरह घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
न्यूजीलैंड की ओर से रखे गए 199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 13.2 ओवर में जीत दर्ज कर ली. को अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) की जोड़ी ने 133 रन की विस्फोटक शुरुआत दिलाई. वैभव 45 रन बनाकर आउट हुए वहीं अभिषेक ने 38 गेंदों पर 11 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 113 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने पांच रन का योगदान दिया. संजू सैमसन 13 गेंदों पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
शुरुआत से ही दबाव बनाने वाली भारतीय टीम ने न सिर्फ गेंदबाजी और फील्डिंग में अपना लोहा मनवाया, बल्कि अभिषेक शर्मा के इस ऐतिहासिक और रिकॉर्ड तोड़ शतक के दम पर लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया. इस शानदार जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट का भविष्य सुरक्षित हाथों में है और विदेशी धरती पर भी टीम इंडिया का जलवा सिर चढ़कर बोल रहा है।
कोहली और पंड्या के क्लब में शामिल हुए श्रेयस अय्यर
इससे पहले, भारतीय क्रिकेट टीम ने कीवी जमीं पर अब तक कुल चार टी20 सीरीज खेली थी. साल 2009 में एमएस धोनी के नेतृत्व में टीम पहली बार वहां गई थी, जहां उसे दो मैचों की सीरीज में 0-2 से पराजय झेलनी पड़ी. इसके एक दशक बाद 2019 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भी परिणाम निराशाजनक रहा और भारत 1-2 से सीरीज हार गया। वक्त बदला और साल 2020 में विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने अद्भुत पराक्रम दिखाया।
पांच मुकाबलों की इस श्रृंखला में भारत ने मेजबान टीम का 5-0 से सुपड़ा साफ कर ऐतिहासिक क्लीन स्वीप किया, जिसमें रोमांचक सुपर ओवर की जीत भी शामिल थीं. इसके बाद 2022 में हार्दिक पंड्या के नेतृत्व में युवा ब्रिगेड न्यूजीलैंड दौरे पर गई.बारिश से प्रभावित उस तीन मैचों की श्रृंखला को भारत ने एक मैच अपने नाम करते हुए 1-0 से जीत लिया।
डेरिल मिचेल का तूफानी अर्धशतक और न्यूजीलैंड की मजबूत शुरुआत
इससे पहले, डेरिल मिचेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने ठंड और तेज हवाओं के बीच तीन विकेट पर 198 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. खराब फॉर्म से उबरते हुए मिचेल ने महज 52 गेंदों पर नाबाद 89 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी इस पारी में पांच छक्कों के अलावा इतने ही चौके भी लगाए।
अर्शदीप की शुरुआती सफलता और फिन एलन-मिचेल की आक्रामक पार्टनरशिप
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने लगातार तीसरी बार टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (4 ओवर में 33 रन देकर 1 विकेट) ने दूसरे ही ओवर में टिम सीफर्ट को आउट कर भारत को शुरुआती सफलता दिलाई. इसके बाद, फिन एलन (25 गेंदों में 40 रन) और मिचेल ने आक्रामक रुख अपनाते हुए दूसरे विकेट के लिए 86 रन की शानदार साझेदारी की और न्यूजीलैंड की पारी को मजबूती दी।
भारतीय गेंदबाजों की वापसी और जैकब्स के साथ मिचेल की शतकीय साझेदारी
भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में वापसी करते हुए नितीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल की बदौलत कुछ विकेट निकाले, और अंतिम पांच ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए केवल 52 रन खर्च किए. इसके बाद मिचेल का साथ देने आए बेवन जैकब्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए, जिससे दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 75 रन जोड़कर टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।