3 भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करने पर मैच के बाद मजबूर हुए न्यूजीलैंड के कप्तान, सैंटनर ने कहा- अगर हमें 1 विकेट मिल जाता तो...
शनिवार को क्राइस्टचर्च में भारत से रोमांचक मुकाबले में चार विकेट से हार के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान ने भारत के तीन खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है। उन्होंने उन खिलाड़ियों को सराहा है, जिन्होंने न्यूजीलैंड से जीत भारत की तरफ खींच ली। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से कीवी कप्तान को तीराफ करने के लिए मजबूर कर दिया। न्यूजीलैंड के कप्तान ने मैच में हुई अन्य चीजों के बारे में भी बात की है।
181 रनों को डिफेंड ना कर पाने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में भारत से मिली एक और करीबी हार पर बात करते हुए कहा- "जब आप एक शानदार टीम के खिलाफ खेलते हैं तो ऐसा देखने को मिलता है। तिलक वर्मा, नमन धीर और नीतीश कुमार रेड्डी ने वास्तव में शानदार प्रदर्शन किया। अगर हमें वहां एक और विकेट मिल जाता, तो मैच समाप्त हो जाता, हम जीत सकते थे।
जिस तरह से उन्होंने उस चेज को कंट्रोल किया और आखिर में हमसे कुछ गलतियां करवाईं, इसलिए मैच उनके पक्ष में गया।" स्पिनरों के असर और क्या उन्होंने ग्लेन फिलिप्स सहित दूसरे बॉलिंग ऑप्शन पर विचार किया के सवाल पर सैंटनर बोले- "मेरे दिमाग में बहुत कुछ चल रहा है। मुझे लगता है कि जाहिर तौर पर जिस तरह से टीम के प्लेयर्स ने बॉल से शुरुआत की, वह शानदार था।
180 जैसा स्कोर में अगर भारतीय खिलाड़ी तेज शुरुआत करते तो हमारे लिए वापसी करना मुश्किल था। इसलिए मुझे लगा कि हमने उन्हें शुरुआती ओवरों में रोकने के लिहाज से बहुत अच्छा किया। फिर जाहिर तौर पर बीच में ब्रेसवेल ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की और मुझे सपोर्ट मिला।" सैंटनर ने कहा- "कुछ नो गेंदें और विकेट ना मिलने की वजह से नुकसान पहुंचा। स्किल्स के नजरिए से, पिछले दो गेम बहुत अच्छे रहे हैं। ये बस वो छोटे-छोटे पल हैं छोटी-मोटी गलतियां हैं जो हमेशा नुकसान पहुंचाएंगी। इसलिए हमें ध्यान रखना होगा।"
फिलिप्स की बल्लेबाजी और अन्य चीजों पर क्या कहा?
सैंटनर ने बैटिंग की कोशिश और शुरुआती विकेट गंवाने के बाद बेवॉन जैकब्स और ग्लेन फिलिप्स के बीच पार्टनरशिप पर बात करते हुए कहा- "फिलिप्स ने यह लंबे समय से किया है और मुझे लगता है कि बेव ने भी सिचुएशन को खूबसूरती से खेला। हमने शुरुआत में तीन विकेट गंवा दिए और फिर उन्होंने थोड़ा बिल्ड किया। मुझे लगता है कि 10 ओवर के बाद हम सिर्फ 60 के आस-पास थे, लेकिन यह उन सरफेस में से एक है जहां अगर आप खुद को मौका देते हैं, खुद को कुछ बॉल देते हैं, तो आप पावर का फायदा उठा सकते हैं। मुझे लगा कि उन्होंने बहुत अच्छा खेला।"
मैट हेनरी के मैदान से बाहर होने और सीरीज के दौरान चोट या रोटेशन की संभावना पर सैंटनर बोले- "मुझे लगता है कि मैट हेनरी को सावधानी के लिहाज से बाहर किया गया है। लॉकी फर्ग्यूसन भी बाहर चले गए हैं। तो उम्मीद है कि ये ठीक हो जाएंगे। लेकिन मुझे लगता है कि पूरी सीरीज और वन-डे में तेजी से बदलाव के साथ थोड़ा रोटेशन हो सकता है।"