35 लाख कैंडिडेट्स देंगे UP PET 2026 परीक्षा, CCTV से होगी सेंटर की निगरानी, 25 अक्टूबर से हैं एग्जाम...
लखनऊ राज्य, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित होने वाली इस परीक्षा में नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए जाएंगे।
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वाले चश्मों की भी सघन जांच होगी। प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने अधिकारियों को परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा में 35 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
60 जिलों में बनाए गए 1,372 परीक्षा केंद्र
UP PET 2026 का आयोजन 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को किया जाएगा। परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में बनाए गए 1,372 केंद्रों पर दो पालियों में होगी. इसमें कुल 35,41,297 अभ्यर्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन को सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
CCTV कैमरों से होगी निगरानी
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने जिलाधिकारियों को सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने को कहा. परीक्षा केंद्रों के साथ कोषागारों में लगे CCTV कैमरों से भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले कर्मचारियों को पहले से ट्रेनिंग देने पर जोर दिया गया है ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर भी सुरक्षा व्यवस्थापरीक्षा के दिनों में अभ्यर्थियों की आवाजाही बढ़ने के कारण रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख सड़कों और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष इंतजाम किए जाएंगे। प्रशासन को ट्रैफिक कंट्रोल करने और भीड़ को संभालने की व्यवस्था करने को कहा गया है. महिला अभ्यर्थियों की सहायता के लिए जरूरत के अनुसार हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी. वहीं, दूसरे जिलों से आने वाले परीक्षार्थियों के लिए होल्डिंग एरिया तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।