वाराणसी : बरेका और मलदहिया चौराहे पर हुआ रावण दहन, लाखों काशीवासियों की उमड़ी भारी भीड़, लोगों ने नारा लगाया "जय श्रीराम"...
वाराणसी का रावण पुतला दहन : वाराणसी में विजयादशमी पर मंगलवार की शाम बरेका परिसर और मलदहिया चौराहे पर रावण के पुतले दहन किए गए। रावण दहन देखने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।बरेका के केंद्रीय खेल मैदान में विजयादशमी समारोह की शुरुआत शाम 4:30 बजे हुई।
समारोह में मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत रहे। रूपक मंचन और आकर्षक आतिशबाजी के बाद 70 फीट ऊंचे रावण, 65 फीट ऊंचे कुंभकरण और 60 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।
उधर, मलदहिया चौराहे पर 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। क्रेन की मदद से रावण के विशालकाय पुतले को खड़ा किया गया। इसके बाद राम-रावण युद्ध का मंचन हुआ।
युद्ध के दौरान गूंजती गर्जना और रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले को आग की लपटों में घिरता देख मौके पर मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ इस दृश्य का आनंद लिया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित कार्यक्रम में लोगों की भारी भीड़ जुटी। मलदहिया चौराहे पर समाज सेवा संघ की ओर से आयोजित रामलीला पिछले 74 वर्षों से लगातार होती आ रही है।