Headlines
Loading...
मिर्जापुर में रात के अंधेरे घर में घुसा अजीबोगरीब जीव, देखते ही देखते गोल-मटोल होकर बैठ गया, वन विभाग ने किया रेस्क्यू...

मिर्जापुर में रात के अंधेरे घर में घुसा अजीबोगरीब जीव, देखते ही देखते गोल-मटोल होकर बैठ गया, वन विभाग ने किया रेस्क्यू...

Rare Animal in Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में रविवार रात एक घर में करीब दो फीट लंबा दुर्लभ पैंगोलिन घुस गया। दुबार क्षेत्र के मुरघुरा गांव में पैंगोलिन को देखकर परिवार के बच्चे और महिलाएं डरकर घर से बाहर निकल आए। ग्रामीणों की भीड़ जुटने पर पैंगोलिन ने खुद को गेंद की तरह गोल कर लिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पैंगोलिन को पकड़कर कुशियारा जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

घर के कोने में बैठा मिला पैंगोलिन

गांव निवासी बचानी कोल का परिवार खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान कच्चे घर के एक कोने में करीब दो फीट लंबा सफेद रंग का पैंगोलिन दिखाई दिया. उसे देखते ही बचानी डर गईं और आवाज लगाने लगीं. परिवार की महिलाओं, बच्चों और अन्य सदस्यों की नजर भी पैंगोलिन पर पड़ी तो सभी घर से बाहर निकल आए।

भीड़ देखकर गेंद की तरह गोल हुआ पैंगोलिन

परिवार के शोर और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. लोगों की भीड़ बढ़ने पर पैंगोलिन ने खुद को गेंद की तरह गोल कर लिया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।

वन विभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़ा

घटना की जानकारी मिलते ही रेंजर श्रवण कुमार यादव, डिप्टी रेंजर वीरेंद्र यादव, पिंटू लाल यादव, राजदीप वर्मा और शिव शंकर तिवारी मौके पर पहुंचे। टीम ने सावधानी पूर्वक पैंगोलिन को पकड़ लिया. इसके बाद उसे कुशियारा जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों को दी सलाह

पैंगोलिन के पकड़े जाने और जंगल में सुरक्षित छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. वन रेंजर ने ग्रामीणों से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि गांव या घर के आसपास ऐसे वन्यजीव दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें और इसकी सूचना वन विभाग को दें।