प्रयागराज रामबाग आरपीएफ थाने से चोर फरार, दो सिपाही हुए निलंबित..अदालत में पेशी के लिए ले जा रहे थे वाराणसी...
प्रयागराज 6 अक्टूबर, न्यूज। रेलवे स्टेशन रामबाग आरपीएफ थाने की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरी का आरोपी मंगलवार सुबह थाने से फरार हो गया। बाथरूम जाने के बहाने बाहर निकला मोनू आरपीएफ जवानों को चकमा देकर भाग निकला।
आरोपी के भागने की खबर मिलते ही रामबाग स्टेशन से लेकर झूंसी तक पुलिस और आरपीएफ की टीमें दौड़ती रहीं, लेकिन देर तक उसका पता नहीं लगा। ड्यूटी पर तैनात दोनों आरपीएफ सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। वहीं, लापरवाही और कस्टडी से फरार के आरोप में दोनों सिपाहियों समेत तीनों पर जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है।
आरपीएफ को चकमा देकर हुआ फरार
रामबाग आरपीएफ ने सोमवार को एक ई-रिक्शा से चोरी की आठ पेंड्रोल क्लिप समेत अन्य सामान बरामद किया था। इस मामले में वाराणसी निवासी राजू और झूंसी निवासी मोनू को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर रामबाग आरपीएफ थाने में रखा गया था।
आज मंगलवार को दोनों को वाराणसी की अदालत में पेशी के लिए ले जाने की तैयारी थी। सुबह मोनू ने बाथरूम जाने की बात कही। आरोप है कि इसी दौरान वह आरपीएफ पुलिस कर्मचारियों को चकमा देकर थाने से भाग निकला।