Headlines
Loading...
कॉकरोचों को लठ दिखाने वाला रिंकू यादव पहुंच गया जंतर-मंतर ! बोला-मैं लठ लेकर तैयार बैठा हूं

कॉकरोचों को लठ दिखाने वाला रिंकू यादव पहुंच गया जंतर-मंतर ! बोला-मैं लठ लेकर तैयार बैठा हूं

दिल्ली पुलिस की सख्ती के सामने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के मंसूबे कामयाब नहीं हो पाए। सीजेपी के फाउंडर अभिजीत दीपके, सह संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका समेत लगभग सभी बड़े नेताओं और सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में लिए जाने के बाद जंतर-मंतर जाने की कोशिशें असफल हो गईं।

हालांकि, सीजेपी के खिलाफ पहलवानों और जिम जाने वाले लड़कों को लठ लेकर बुलाने वाले रिंकू यादव ने दावा किया है कि वह छुपते-छिपाते जंतर-मंतर के नजदीक पहुंच गया और अपने वादे को पूरा किया। सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके कुमुद राव उर्फ रिंकू यादव ने कहा कि यदि कोई देश के खिलाफ काम करेगा तो वह लठ लेकर तैयार बैठा है।

सोशल मीडिया पर साढ़े चार लाख से अधिक फॉलोअर्स वाला रिंकू यादव सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर है। रिंकू के कई वीडियो पिछले कुछ दिनों से वायरल है, जिसमें यूपी, हरियाणा और दिल्ली के पहलवानों-जिम जाने वाले लड़कों को लाठी लेकर जंतर-मंतर चलने को कहा जा रहा था। उसने गुरुग्राम में एकत्रित होकर अपने साथ चलने की अपील की थी। रिंकू ने शुक्रवार को यह भी कहा कि पुलिस ने घर आकर उसे जंतर-मंतर जाने को मना किया है। लेकिन शनिवार को उसने एक वीडियो के जरिए यह दावा किया कि वह जंतर-मंतर तक पहुंचने में कामयाब रहा। लेकिन अकेले ही आया, ताकि अन्य लोग भी ना हिरासत में ले लिए जाएं।

'वादे के मुताबिक आ गया हूं जंतर-मंतर'

रिंकू ने शनिवार को एक वीडियो फेसबुक पर पोस्ट करते हुए कहा, 'वादे के मुताबिक जंतर-मंतर आ गया हूं। लेकिन बैरिकेडिंग देख लो। पुलिसवाले खड़े हैं। किसी को एंट्री नहीं है। कोई प्रदर्शन कर रहा, नहीं कर रहा। हमने कुछ नहीं देखा। लेकिन पुलिसवाले किसी को जाने नहीं दे रहे हैं। अकेला आया हूं, एंबियंस मॉल पर एकत्रित होने वाला इसलिए कैंसल कर दिया कि कोई और अरेस्ट ना हो। मुझे पुलिस ने कह दिया था कि तू नहीं जाएगा। लेकिन फिर भी बच-बाचकर आ गया, कि एक बार जाऊंगा जरूर। मैंने पब्लिक को कहा था कि जंतर-मंतर जाऊंगा तो जाऊंगा। यहां उतरते ही पुलिसवाले पकड़ लेंगे, क्योंकि उन्हें निर्देश मिले हुए हैं। मुझे कल कहा था कि तू नहीं जाएगा। फिर भी मैं छुप-छुपाकर पहुंच गया। बात यहां आने की थी।'

लठ अब भी तैयार है: रिंकू यादव

रिंकू यादव ने कहा कि उसे किसी के प्रदर्शन करने से दिक्कत नहीं है, लेकिन कोई अशांति फैलाने की कोशिश करेगा तो उसकी लाठी तैयार है। रिंकू ने कहा, 'प्रदर्शन कोई कर रहा हो तो करते रहो, हमें उससे कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन दिल्ली में अशांति फैलाई, संसद पर हमला किया, कोई भी अराजकता फैली तो लठ पहले भी तैयार था, लठ अब भी तैयार है। इतना ही उद्देश्य है। इससे ज्यादा कुछ सोचते नहीं। आगे के अपडेट देता रहूंगा। तैयार बैठा हूं और यहीं बैठा हूं. जब जरूरत पड़ेगी फिर हाजिर हो जाएंगे। अपने साथ पूरी टीम है।'