Headlines
Loading...
'गोरखपुर में ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारस वाला हाल होता', अखिलेश बोले- बीजेपी का बोरिया बिस्तर बांध दिया...

'गोरखपुर में ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारस वाला हाल होता', अखिलेश बोले- बीजेपी का बोरिया बिस्तर बांध दिया...

लखनऊ राज्य, ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में हुए एमएलसी चुनाव परिणाम से समाजवादी पार्टी उत्साहित है। अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अगर बीजेपी ने गोरखपुर में ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारस वाला हाल होता।

क्या बोले केशव प्रसाद मौर्य? 

- मीडिया से बातचीत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी ने पिछला प्रदर्शन दोहराया है। उन्होंने कहा कि उन्हें और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी। उन्होंने निराशा जाहिर करते हुए कहा कि सपा का जहां खाता नहीं खुलना चाहिए था, वहां भी खुल गया है। इस पर विचार करेंगे।

अखिलेश ने केशव प्रसाद पर कसा तंज

सपा प्रमुख ने X पर एक पोस्ट कर कहा, 'दरअसल पीडीए की जीत पर ये भी अंदर-ही-अंदर खुश हैं, घर छोड़ देने से कोई पराया नहीं हो जाता है। अगर षडयंत्रकारी भाजपाइयों ने गोरखपुर में घोड़े की ढाई चाल न चली होती तो वहां भी बनारस वाला हाल होता। कुल मिलाकर तो गोरखपुर भी भाजपा नैतिक रूप से हार ही गई है।'

इसी पोस्ट में उन्होंने आगे कहा, 'एमएलसी चुनावों ने भाजपा का बोरिया बिस्तर बांध दिया है। घोर बेईमानी और प्रशासनिक हेराफेरी के बावजूद भी भाजपा की दुर्गति कोई नहीं रोक पाया। जिन भ्रष्ट अधिकारियों ने भाजपा की चाकरी की है, उन सबको पीडीए सरकार आने पर जनता के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।'

उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव परिणाम क्या रहा?

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में जारी मतगणना में अब तक आठ सीट के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए गए हैं, जिनमें से पांच सीट पर बीजेपी और तीन पर समाजवादी पार्टी ने जीत हासिल की है।

वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की है। जारी किये गये आधिकारिक परिणाम के अनुसार, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉक्टर आकाश अग्रवाल और आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत हासिल की।

इसके अलावा इलाहाबा-झांसी खंड स्नातक क्षेत्र से सपा के डॉक्टर मानसिंह यादव, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लो विजयी रहे।

वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने काफी विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच जीत हासिल की। उन्होंने परिणाम घोषित होने से पहले ही अपनी जीत का दावा करते हुए प्रशासन पर जीत की आधिकारिक घोषणा करने में देरी का आरोप लगाया।

चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाए थे और कहा था कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन परिणाम घोषित नहीं कर रहा, जिससे संदेह पैदा होता है।